18/08/26

चंडीगढ़ में आज शाम लगेगा अनोखा 'पेट्रोल का लंगर', कारोबारी 'राजा दी किंग' का बड़ा ऐलान

चंडीगढ़ , 18 अगस्त (अभिकान्त) : अमृतसर के कारोबारी और 'राजा दी किंग' के नाम से मशहूर राकेश त्रेहन ने चंडीगढ़ में आज शाम 5 बजे एक अनोखे 'पेट्रोल के लंगर' का आयोजन करने का ऐलान किया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर जानकारी दी कि सेक्टर-7 और सेक्टर-10 स्थित पेट्रोल पंपों पर लोगों को मुफ्त में पेट्रोल उपलब्ध कराया जाएगा।

इस आयोजन के लिए दोपहिया व तिपहिया वाहनों को 500 रुपये और कारों को 1000 रुपये के कूपन दिए जाएंगे, जिसके आधार पर वाहन चालक अपनी गाड़ियों में ईंधन भरवा सकेंगे। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि केवल वाहन लेकर आने वाले लोगों को ही इसका लाभ मिलेगा, जबकि बिना वाहन के आने वाले लोगों के लिए यह व्यवस्था नहीं है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पेट्रोल पंपों पर विशेष इंतजाम और कूपन सिस्टम तैयार किया गया है।

जेएमडी ग्रुप के मालिक राकेश त्रेहन का कहना है कि वह साल 2010 से बिटकॉइन, क्रिप्टो करेंसी और शेयर बाजार में निवेश कर रहे हैं तथा इसी के मुनाफे का एक हिस्सा समाज सेवा में लगाते हैं। खुद को महामाई का भक्त बताने वाले त्रेहन ने अपनी कमाई को पूरी तरह से वैध बताते हुए कहा कि सरकार चाहे तो इसकी जांच कर सकती है। पेट्रोल लंगर के बाद उनका अगला लक्ष्य 'आईफोन का लंगर' लगाने का है।

इससे पहले भी वह चंडीगढ़ में सेक्टर-8 स्थित शिव मंदिर के बाहर 500-500 रुपये नकद के साथ मैकडॉनल्ड्स का बर्गर और कोल्ड ड्रिंक बांट चुके हैं। वर्ष 2019 से लगातार लंगर लगा रहे त्रेहन धार्मिक स्थलों पर सोने के सिक्के, नकद राशि बांटने और फाइव स्टार होटलों में गरीबों को भोजन कराने का दावा करते हैं। हालांकि, सितंबर 2025 में अमृतसर पुलिस ने उनके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला भी दर्ज किया था।

#ChandigarhNews #FreePetrolLangar #RajaTheKing #RakeshTrehan #PetrolLangar #Chandigarh #DanikKhabar #CryptoTrader

Previous

परिवार में प्रॉपर्टी ट्रांसफर पर स्टैंप ड्यूटी में छूट में बेटी के बच्चे भी शामिल हैं - डॉ. सुमिता मिश्रा

Next

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमका चंडीगढ़ का नाम: एशियन रिंक हॉकी चैंपियनशिप में जुझार सिंह ने जीता स्वर्ण पदक