हरियाणा मौसम अपडेट: बारिश और ओलावृष्टि से लुढ़का पारा, किसानों के लिए चेतावनी जारी

हरियाणा/मौसम, 06 मई (अन्‍नू): हरियाणा में हुई बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन 5.9 नीचे बना हुआ है। मंगलवार को चंडीगढ़ और अंबाला जैसे क्षेत्रों में पारा सामान्य से 6.8 तक गिर गया। रात के समय भी ठंडक बनी हुई है और औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4कम रहा। रोहतक 17.6 के साथ राज्य का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में भी पारा सामान्य से 6.7 नीचे रहा।



अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट


मौसम विभाग और हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर और दक्षिण-पूर्वी हरियाणा के 11 जिलों में आज 'येलो अलर्ट' रहेगा:



प्रभावित जिले: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल।


संभावना: इन क्षेत्रों में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और छिटपुट बारिश के आसार हैं।
आगामी मौसम का पूर्वानुमान



कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खिचड़ के अनुसार, 7 मई से 10 मई तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, जिससे दिन के तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 10 मई की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है।



किसानों के लिए जरूरी एडवाइजरी



मौसम में आए इस अचानक बदलाव को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को निम्नलिखित सावधानियां बरतने की सलाह दी है:



फसल सुरक्षा: कटी हुई गेहूं और जौ की फसलों व भूसे को सुरक्षित स्थानों पर रखें।


बिजाई: कपास की बिजाई करने वाले किसान अगले 3 दिनों तक रुक जाएं।


सिंचाई और छिड़काव: सब्जी उत्पादक अभी सिंचाई रोक दें और 7 मई के बाद शुष्क मौसम को देखकर ही कीटनाशकों का छिड़काव करें।


पशुपालन: पशुओं को धूल भरी आंधी और बारिश से बचाने के लिए शेड के नीचे रखें।


#HaryanaWeather #RainAlert #FarmersAdvisory #HeatwaveRelief #IMDUpdate #HaryanaRain #DanikKhabar

Previous

रोहतक: भ्रष्टाचार पर प्रहार; आरटीओ कार्यालय के निरीक्षक और सहायक सचिव रिश्वत लेते गिरफ्तार

Next

हरियाणा की फायर सर्विस को 400 करोड़ रुपये खर्च करके किया जाएगा आधुनिक : डॉ. मिश्रा