02/04/26

वित्त वर्ष 2025–26 में हरियाणा ने सभी राज्यों में सर्वाधिक स्टेट जीएसटी वृद्धि दर्ज की

अभिकान्त, 02 अप्रैल हरियाणा : - हरियाणा राज्य ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में सभी राज्यों में एसजीएसटी (SGST) संग्रह में सर्वाधिक वृद्धि दर्ज की है।

 

केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में पोस्ट-सेटलमेंट एसजीएसटी संग्रह 48,289 करोड़ रुपये दर्ज किया, जो कि वित्तीय वर्ष 2024–25 के 39,743 करोड़ रुपये की तुलना में 21.5 प्रतिशत की वृद्धि है। यह वृद्धि राष्ट्रीय औसत 5.7 प्रतिशत से काफी अधिक है, जो कर संग्रह में हरियाणा के मजबूत प्रदर्शन को दर्शाती है।

 

प्रवक्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में हरियाणा का कुल जीएसटी संग्रह 8.6 प्रतिशत बढ़ा, जो कि राष्ट्रीय घरेलू जीएसटी वृद्धि दर 6.4 प्रतिशत से अधिक है। इस प्रदर्शन के साथ, हरियाणा सकल घरेलू जीएसटी संग्रह के मामले में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 5वें स्थान पर रहा है।

 

प्रवक्ता ने बताया कि जीएसटी संग्रह में हुई इस मजबूत वृद्धि का कारण राज्य में सक्रिय आर्थिक गतिविधियां, करदाताओं के आधार का विस्तार तथा डेटा-आधारित विश्लेषण के माध्यम से बेहतर अनुपालन है। राज्य सरकार द्वारा कर प्रशासन को सुदृढ़ बनाने और तकनीक के प्रभावी उपयोग पर निरंतर फोकस ने भी इस उत्कृष्ट प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई है।

Previous

हरियाणा सरकार किसानों की उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने के लिए पूरी तरह से है प्रतिबद्ध

Next

रूस में युद्ध की भेंट चढ़ा सोनीपत का युवक, आज गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़