हरियाणा के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही सरकार: कृष्ण कुमार बेदी
चंडीगढ़, 15 मार्च (अभी) - हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आपसी भाईचारा व एकता ग्रामीण विकास का मूल है। जनप्रतिनिधियों व ग्रामीण जनता को आपसी समन्वय व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए ताकि गांव के विकास को गति मिल सके।
मंत्री शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव हरनामपुरा व रेवाड़ में सभाओं को संबोधित कर रहे थे। हरनामपुरा गांव में आयोजित अभिनंदन समारोह में कैबिनेट मंत्री ने गांव के विकास के लिए कई परियोजनाओं की घोषणा भी की। श्री बेदी ने पंचायत राज विभाग द्वारा करीब 32 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो गलियों का उद्घाटन किया तथा करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली कश्यप चौपाल व करीब 11.86 लाख रुपये की लागत से गली निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। इसी प्रकार, कैबिनेट मंत्री ने अपने दौरे के दौरान करीब 63.86 लाख रुपये की लागत से करोड़ों रुपये के अन्य विकास कार्यों को भी मंजूरी दी। इसके अलावा उन्होंने ग्राम पंचायत को 50 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा भी की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए समर्पित भाव से काम कर रही है। विकास परियोजनाओं की इस लहर में नरवाना क्षेत्र भी बराबर की भागीदारी निभाएगा। क्षेत्र के विकास व जनहित कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान क्षेत्र की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे।