28/07/26

ग्लासगो CWG 2026: महेंद्रगढ़ की शर्मिला धनखड़ ने रचा इतिहास; पैरा एथलेटिक्स में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

हरियाणा , 28 जुलाई (अभिकान्त) : स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से भारत और हरियाणा के लिए एक बेहद गर्व की खबर सामने आई है। महेंद्रगढ़ जिले के छोटे से गांव छितरौली की रहने वाली धाकड़ पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ ने महिलाओं की शॉट पुट एफ-57 स्पर्धा में 9.81 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस ऐतिहासिक स्वर्णिम थ्रो के साथ ही शर्मिला राष्ट्रमंडल खेलों के पैरा एथलेटिक्स इतिहास में गोल्ड मेडल जीतने वाली देश की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शर्मिला धनखड़ को इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए बधाई दी है। सीएम ने कहा कि शर्मिला की इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश और हरियाणा प्रदेश का नाम दुनिया में रोशन किया है।

शर्मिला की यह जीत केवल एक खेल का पदक नहीं, बल्कि जिंदगी के कड़े संघर्ष, साहस और अटूट आत्मविश्वास की गाथा है। महज दो साल की उम्र में पोलियो के कारण उनका एक पैर कमजोर हो गया था। आर्थिक तंगी के बीच बीता बचपन और पहली शादी में दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा के दर्द ने उन्हें तोड़कर रख दिया था। 26 साल की उम्र में दो छोटी बेटियों के साथ उन्हें घर से बेदखल कर दिया गया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। इसके बाद दूसरी शादी में पति अजीत का अटूट सहयोग मिला और परिवार के साथ ने उन्हें खेल के मैदान पर नई पहचान बनाने की हिम्मत दी।

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए एक और अच्छी खबर हाई जंप इवेंट से आई। भारतीय एथलीट सर्वेश कुशारे ने पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में 2.25 मीटर की शानदार छलांग लगाकर देश की झोली में रजत पदक (Silver Medal) डाला।

शर्मिला धनखड़ की यह ऐतिहासिक सफलता साबित करती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत क्यों न हों, यदि इरादे मजबूत हों तो संघर्ष भी एक दिन स्वर्णिम इतिहास में बदल जाता है।

#SharmilaDhankar #CWG2026 #GoldMedal #Mahendragarh #HaryanaSports #Glasgow2026 #CommonwealthGames #HaryanaNews #AmbalaNews #ChandigarhNews #DanikKhabar

Previous

हरियाणा सरकार के कर्मचारियों एवं IAS अधिकारियों हेतु वर्ष 2025-26 की वार्षिक GPF विवरणी डिजीलॉकर पर है उपलब्ध

Next

हिसार: CIA मिलगेट टीम की बड़ी कार्रवाई; 12 किलो डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार, एसपी सिद्धान्त जैन बोले- 'नशा तस्करों पर जीरो टॉलरेंस'