चंडीगढ़ की तर्ज पर मोहाली में भी आवारा कुत्तों को खुले में खाना खिलाने पर लगेगी रोक: MC ने बनाए 47 'डॉग फीडिंग पॉइंट'

अभिकान्त, 24 जुलाई मोहाली : चंडीगढ़ की तर्ज पर अब मोहाली (साहिबजादा अजीत सिंह नगर) में भी आवारा कुत्तों को सड़कों, गलियों या सार्वजनिक स्थानों पर कहीं भी खाना खिलाने (Dog Feeding) पर अंकुश लगाने की तैयारी कर ली गई है। मोहाली नगर निगम (MC) ने इसके लिए एक विशेष योजना तैयार की है, जिसके तहत शहर के 13 प्रमुख सेक्टरों और फेजों में कुल 47 कम्युनिटी डॉग फीडिंग पॉइंट्स प्रस्तावित किए गए हैं। योजना लागू होने के बाद लोग केवल इन्हीं निर्धारित स्थानों पर ही आवारा कुत्तों को खाना खिला सकेंगे।

नगर निगम ने एनजीओ 'पीडूज पीपल' (Pedu's People) के सहयोग से कराए गए विस्तृत ग्राउंड सर्वे के आधार पर इन 47 स्थानों का चयन किया है। जगह तय करते समय आम लोगों की आवाजाही, ट्रैफिक व्यवस्था, बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छता और स्थानीय आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभी प्रारंभिक (Draft) सूची है और नागरिकों व आरडब्ल्यूए (RWA) के सुझावों के बाद ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई नागरिक, संस्था या RWA किसी प्रस्तावित डॉग फीडिंग पॉइंट पर आपत्ति जताते हैं, तो उन्हें विरोध की स्पष्ट वजह बतानी होगी। उदाहरण के लिए:

  • क्या प्रस्तावित स्थान बच्चों के खेलने के पार्क के बेहद करीब है?

  • क्या वहां खाना खिलाने से ट्रैफिक बाधित होने या दुर्घटना का खतरा है?

  • क्या उस स्थान से क्षेत्र की स्वच्छता या सार्वजनिक स्वास्थ्य (Public Health) पर बुरा असर पड़ सकता है?

इन ठोस तथ्यों की समीक्षा के बाद ही नगर निगम संबंधित स्थान को फाइनल या चेंज करेगा।

सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराने के 3 आसान तरीके

नागरिक पब्लिक नोटिस जारी होने के 7 दिनों के भीतर निम्नलिखित माध्यमों से अपने सुझाव व आपत्तियां भेज सकते हैं:

  1. ई-मेल के माध्यम से: नागरिक अपनी राय mcmmoh0@gmail.com पर मेल कर सकते हैं।

  2. ऑनलाइन पोर्टल: मोहाली नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन फॉर्म भरकर सबमिट कर सकते हैं।

  3. ऑफलाइन/बाय हैंड जमा करें: निर्धारित फॉर्म भरकर 'नोडल ऑफिसर (डॉग कंट्रोल सेल), स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, नगर निगम भवन (आर-36), लोअर थर्ड फ्लोर, सेक्टर-68, मोहाली' में जमा करा सकते हैं।

समय सीमा (7 दिन) समाप्त होने के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। समीक्षा प्रक्रिया पूरी होते ही 47 डॉग फीडिंग पॉइंट्स की अंतिम आधिकारिक सूची जारी कर दी जाएगी।

#MohaliNews #MohaliMC #DogFeedingPoints #ChandigarhNews #Danikkhabar #PedusPeople #StreetDogs #MohaliCivicBody #PublicNotice #PunjabNews

Previous

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: मोहाली के 16 गांवों में निर्माण और प्रॉपर्टी ट्रांसफर पर लगी तत्काल रोक

Next

चंडीगढ़ नगर निगम का बड़ा फैसला: जीरो बजट मॉडल पर होंगे 39वां गुलदाउदी शो और 55वां रोज फेस्टिवल