• 28/08/26

चंडीगढ़ के यूटी गेस्ट हाउस में फर्जी पीसीएस अधिकारी गिरफ्तार: गनमैन के साथ लालबत्ती लगी इनोवा में जमा रहा था रौब

चंडीगढ़ , 28 अगस्त (अभिकान्त) : चंडीगढ़ के सेक्टर-6 स्थित यूटी गेस्ट हाउस में खुद को पंजाब से डेपुटेशन पर आया पीसीएस (PCS) अधिकारी बताकर रौब जमाने वाले एक फर्जी शख्स को पकड़ लिया गया है। आरोपी की पहचान जीरकपुर निवासी केडी पांडे के रूप में हुई है, जो अपनी इनोवा कार पर 'गवर्नमेंट ऑफ पंजाब' का स्टीकर और लालबत्ती लगाकर घूम रहा था।

गेस्ट हाउस में तैनात पुलिसकर्मियों को उस समय शक हुआ जब आरोपी ने कुछ सामान खरीदने के लिए कर्मचारियों से 5 हजार रुपए उधार मांगे और गूगल पे काम न करने का बहाना बनाया। शक होने पर जब कर्मचारियों ने उससे पूछताछ शुरू की, तो वह अपने गनमैन को फोन करके रेड पर जाने की बात कहकर वहां से निकलने की कोशिश करने लगा।

कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए गेस्ट हाउस का गेट बंद कर दिया और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उससे पीसीएस अधिकारी होने का आधिकारिक पहचान पत्र मांगा, तो वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, हालांकि उसके पास पंजाब कोऑपरेटिव सोसाइटी से जुड़ा एक कार्ड जरूर मिला।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि जिस इनोवा कार पर लालबत्ती और सरकारी स्टीकर लगा हुआ था, वह कोई आधिकारिक सरकारी वाहन नहीं बल्कि उसकी मां के नाम पर रजिस्टर्ड एक निजी गाड़ी है। लालबत्ती और सरकारी स्टीकर लगाने का कोई भी दस्तावेज न दिखा पाने पर सुखना लेक चौकी पुलिस ने वाहन से लालबत्ती और स्टीकर हटवा दिया तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 1500 रुपए का चालान काटकर उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।

#ChandigarhNews #FakeOfficer #UTGuestHouse #Zirakpur #PunjabPolice #DanikKhabar #HaryanaNews

Previous

पंचकूला पुलिस की तत्परता से परिजनों से मिला रोता हुआ 6 वर्षीय मासूम, पंजाब के बलटाना के पास मिला था लावारिस

Next

अमृतसर में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता: 6 तस्कर गिरफ्तार, 2 किलो हेरोइन और 8 हाई-एंड पिस्तौल बरामद