हरियाणा में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न
अभिकान्त, 10 मई हरियाणा : हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में आयोजित नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका एवं पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य तथा उप-चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न करवाए गए। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री देवेंद्र सिंह कल्याण ने कहा कि आयोग द्वारा चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री देवेंद्र सिंह कल्याण ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान पंचकूला के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया तथा मतदान व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं मतदाता सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाई जाए तथा प्रत्येक मतदाता को बिना किसी असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि नगर निकाय चुनावों के अंतर्गत अंबाला, पंचकूला एवं सोनीपत नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, धारूहेड़ा, सांपला एवं उकलाना नगरपालिकाओं में चुनाव आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में वार्डों के उप-चुनाव भी सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाए गए। इसी प्रकार पंचायती राज संस्थाओं के अंतर्गत जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच एवं पंच पदों के लिए विभिन्न जिलों में सामान्य एवं उप-चुनाव आयोजित किए गए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि आयोग द्वारा चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी की गई तथा जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के समन्वय से मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, कानून व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधा तथा चुनाव आचार संहिता के अनुपालन को लेकर विशेष प्रबंध किए गए थे।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता एवं मतदाता सुविधाओं पर विशेष जोर
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई। आवश्यकता अनुसार माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए तथा मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी एवं अन्य निगरानी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए मतदाता सूचियों के सत्यापन, पात्र मतदाताओं की पहचान तथा डुप्लीकेट अथवा संदिग्ध प्रविष्टियों की जांच को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। प्राप्त शिकायतों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निपटान सुनिश्चित किया गया, ताकि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनी रहे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, रैंप, व्हीलचेयर तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग मतदाताओं एवं महिलाओं के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए थे ताकि प्रत्येक मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने प्रदेश के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नागरिकों ने शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मतदान कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।
उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल एवं अन्य संबंधित विभागों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं समर्पण से चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सकी।
उन्होंने मीडिया का भी धन्यवाद किया, जिसके माध्यम से राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश एवं अपील सभी मतदाताओं तक प्रभावी रूप से पहुँचाई गई।
#HaryanaElection #LocalBodyPolls #PanchayatElection #DevenderSinghKalyan #FairVoting #PanchkulaNews #DemocraticValues #ElectionCommissionHaryana #Danikkhabar
Previous
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना: सरल पोर्टल पर तुरंत कराएं रजिस्ट्रेशन; तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के दर्शन का अवसर
Next