15/06/25

दिल्ली में कोरोना का कहर; नई लहर में पहली बार एक दिन में तीन लोगों की मौत

नई दिल्ली, 15 जून (अभी) - दिल्ली में एक बार फिर कोरोना वायरस का खतरा मंडराने लगा है. नए वैरिएंट के चलते राजधानी में हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं. इस नई लहर में पहली बार एक ही दिन में तीन लोगों की मौत हुई है. इससे पहले जितनी भी मौतें हुई थीं, वह अलग-अलग दिनों में थीं. अब तक दिल्ली में कोरोना की वजह से कुल 11 लोगों की जान जा चुकी है

जानकारी के अनुसार शनिवार को जिन तीन लोगों की जान गई, उनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. 57 साल की एक महिला को पहले से मधुमेह और फेफड़ों की बीमारी थी. 57 साल के ही एक पुरुष को भी शुगर और सांस से जुड़ी समस्याएं थीं. वहीं, 83 साल की बुजुर्ग महिला को शुगर, हाई ब्लड प्रेशर और फेफड़ों की बीमारी पहले से थी. विशेषज्ञों का कहना है कि पहले से बीमार लोग इस वायरस से सबसे अधिक खतरे में हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि पिछले तीन दिनों से एक्टिव केस की संख्या में कमी आ रही है. शनिवार को सक्रिय मरीज घटकर 672 रह गए. अच्छी खबर यह भी है कि बीते 24 घंटे में कोई नया केस दर्ज नहीं हुआ है और 212 लोग ठीक होकर घर लौटे हैं. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 1 जनवरी से अब तक दिल्ली में कुल 1960 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से 11 की जान चली गई है. पूरे देश में दिल्ली कोरोना के मामलों में दूसरे नंबर पर है.

नया वैरिएंट तेजी से फैलने वाला है, लेकिन इसका हर बार घातक होना जरूरी नहीं है. बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे और पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोग सबसे ज्यादा जोखिम में होते हैं.

कोरोना के लक्षणों को पहचानें

  • बुखार या ठंड लगना

  • सूखी खांसी

  • गले में खराश

  • बदन दर्द और सिर दर्द

  • स्वाद और गंध का कम हो जाना

  • सांस लेने में दिक्कत

विशेषज्ञों की सलाह है कि घबराएं नहीं, लेकिन लक्षण नजर आएं तो डॉक्टर से जरूर संपर्क करें. ज्यादातर मामलों में लोग घर पर ही ठीक हो रहे हैं. इसलिए अस्पताल भागने की जरूरत नहीं है, पर सतर्क रहना जरूरी है.

Previous

Father's Day 2025: बेटियां पिता से ही तो सीखती हैं जिंदगी के जरूरी सबक, जो उन्हें लाइफ में कभी टूटने नहीं देते

Next

हीटस्ट्रोक और हीट एक्जॉशन में क्या अंतर है? जानें दोनों के लक्षण और सावधानियां