07/06/25

दिल्ली के जामा मस्जिद में लोगों ने अदा की ईद-उल-अजहा की नमाज, शाही इमाम ने दिया ये संदेश

नई दिल्ली,07 जून (अभी): दिल्ली के जामा मस्जिद में शनिवार सुबह ईद-उल-अजहा के मौके पर बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने उमड़े. भोर से ही जामा मस्जिद नमाज अदा करने वाले और शांति एवं सद्भावना की शुभकामनाएं देने वाले लोगों से खचाखच भर गया था. इस दौरान लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दी. ईद-उल-अजहा, जिसे बलिदान का त्योहार भी कहा जाता है, पैगम्बर इब्राहीम द्वारा ईश्वर की आज्ञाकारिता में अपने पुत्र की बलि देने की इच्छा की याद में मनाया जाता है.

जामा मस्जिद में हजारों की संख्या में नमाजियों के नमाज अदा करने के लिए इकट्ठा होने के कारण सुरक्षा बढ़ा दी गई है. साथ ही भीड़ प्रबंधन के उपाय भी किए गए. इससे पहले कर्तव्य पथ क्षेत्र में सघन जांच की गई, जहां पुलिस कर्मियों को नियमित गश्त के दौरान वाहनों को रोककर उनकी जांच करते देखा गया. इसी प्रकार, पुलिस ने यूसुफ सराय क्षेत्र, रणजीत सिंह फ्लाईओवर और नेल्सन मंडेला मार्ग पर भी सुरक्षा जांच की. ईद-उल-अजहा को या बड़ी ईद के नाम से भी जाना जाता है, इस्लामिक कैलेंडर के 12वें महीने धु अल-हिज्जा के 10वें दिन मनाया जाता है.

जुमे की नमाज के बाद मौजूद लोगों से अपील करते हुए जामा मस्जिद के नायब शाही इमाम मौलाना सैयद शाबान बुखारी ने कहा कि ईद-उल-अजहा केवल कुर्बानी का दिन नहीं है, बल्कि यह खुदा के प्रति तस्लीम यानि आत्मसमर्पण और फरमाबरदारी मतलब आज्ञापालन का प्रतीक है. उन्होंने लोगों से अपील की, कि कुर्बानी सिर्फ निर्धारित स्थानों पर ही की जाए. साथ ही इमाम ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी से परहेज करें और पड़ोसियों की भावनाओं का सम्मान करें. साथ ही उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर कुर्बानी की तस्वीरें डालने के लिए भी मना किया.

वहीं बिलाल मस्जिद, गाजीपुर के शाही इमाम मुफ्ती रिजवान ने इस मौके पर लोगों से अपील की, कि कुर्बानी की तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें और कानून का पालन करें. यह पर्व भाईचारे और आपसी मेलजोल का संदेश देता है. साथ ही साथ, साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखें.

बकरीद को लेकर जामा मस्जिद के पास मौजूद मटिया महल बाजार में खासी रौनक देखी गई. मटिया महल बाजार एसोसिएशन के सदर (प्रधान) सलीमुद्दीन ने बताया कि बाजार में सुबह से लोग खरीदारी कर रहे हैं. सेवईं, शीरखुर्मा, मेवे और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की अच्छी भीड़ नजर आई.

उधर दिल्ली पुलिस ने बकरीद के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं. प्रमुख इलाकों में चेकिंग अभियान जारी रहा. मस्जिदों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि घटना न हो. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनता की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और त्योहार को शांतिपूर्ण बनाने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है.

Previous

आईएसबीटी पर दुकानों में तब्दील होंगी पुरानी बसें, कश्मीरी गेट बस अड्डे से पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत

Next

एक देश-एक चुनाव से देश के संसाधनों की होगी बचत, प्रशासनिक कार्यक्षमता भी बढेगी: लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा