12/08/26

पुलिस डी.ए.वी. स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित: विद्यार्थियों को कानून, पोषण और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

जे कुमार अम्बाला, 12 अगस्त 2026 : जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (DLSA), अम्बाला के तत्वावधान में तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) एवं सचिव श्रीमती गीतांजली गोयल के दिशा-निर्देशानुसार बुधवार को पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, अम्बाला शहर में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का सफल संयोजन पैरा लीगल वालंटियर (PLV) अरविंद जैन द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों, कानूनी सुरक्षा, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान पीएलवी अरविंद जैन ने 'नालसा (चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रन) स्कीम, 2024' पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बच्चों के अधिकार और उन्हें प्राप्त नि:शुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पूरक पोषण तथा कुपोषण निवारण के विषयों पर महत्वपूर्ण तथ्य साझा किए गए।

शिविर में विवादों के त्वरित व सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए 'स्थायी लोक अदालत (जनोपयोगी सेवाएं)' तथा 'मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र' की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अलावा, राज्य स्तरीय 'प्लांट फॉर हरियाणा- ग्रीन टुडे, सिक्योर टुमारो' अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में पीएलवी अरविंद जैन ने सभी विद्यार्थियों और स्टाफ से किसी भी कानूनी समस्या के समाधान हेतु जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की मुफ्त सेवाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

#AmbalaNews #DLSAAmbala #LegalAwareness #HaryanaNews #AmbalaCity #PoliceDAVAmbala #AmbalaUpdate #LegalServices

Previous

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक: आयुष्मान भारत योजना के प्रचार-प्रसार और सुविधाओं को सुलभ बनाने के निर्देश

Next

15 अगस्त से पहले राजधानी में 'हाई अलर्ट': स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में कड़ा सुरक्षा पहरा