05/06/25

पर्यावरण संरक्षण जरूरी, प्लास्टिक मुक्त सोच अपनाएं : सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा

चंडीगढ़, 05 जून (अभी) – हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आज गोहाना में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक और सचेत करना है। प्रकृति के बिना मानव जीवन की कल्पना भी संभव नहीं। ऐसे में यह आवश्यक है कि हम पेड़-पौधों और वनों के महत्व को समझें।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना है। प्लास्टिक कचरा महासागरों को प्रदूषित कर रहा है, वन्य जीवों को नुकसान पहुंचा रहा है और हमारे भविष्य को खतरे में डाल रहा है। उन्होंने कहा कि रीसाइक्लिंग को अपनाकर, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करके तथा अपनी उपभोग की आदतों में बदलाव लाकर हम एक स्वस्थ और प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। हमारे छोटे-छोटे प्रयास जैसे कचरे का सही ढंग से वर्गीकरण करना तथा वस्तुओं का पुनः उपयोग एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं। हर बार जब हम प्लास्टिक से परहेज करते हैं, तो धरती को सांस लेने का अवसर मिलता है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि आज के दिन हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम मिलकर प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग बंद करें। इसके स्थान पर कागज या कपड़े के थैलों का उपयोग करें। हम सभी को वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी स्वयं करनी चाहिए।

Previous

आज के मुख्य समाचार और इतिहास

Next

गुरुग्राम के बुनियादी ढांचे को लेकर राव इंद्रजीत सिंह ने जीएमडीए कार्यालय में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता