KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: यूपी पुलिस के दो सब-इंस्पेक्टर समेत पांच की मौत
नूह, 06 मई (अन्नू): कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक हृदय विदारक दुर्घटना घटी, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवानों और उनके चालक की जान चली गई। हादसा तावडू के धुलावट टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े एक लावारिस ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, ट्रक चालक वाहन को एक्सप्रेसवे पर ही खड़ा कर पास के एक खोखे पर चाय लेने गया था, तभी यह हादसा हुआ।
अपहरण केस की जांच के लिए हरियाणा जा रही थी टीम
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव, सब-इस्पेक्टर सत्यभान, सिपाही अशोक कुमार और सिपाही प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। इनके साथ गाड़ी चला रहे अमरीक सिंह की भी मौत हो गई है, जो पंजाब के संगरूर का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, अमरीक के भाई के अपहरण के मामले में उरई पुलिस की यह टीम जांच के लिए हरियाणा के जींद जिले जा रही थी। सोमवार को टीम उत्तर प्रदेश से रवाना हुई थी, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही काल ने उन्हें अपना ग्रास बना लिया।
राहत कार्य और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल
हादसे की सूचना मिलते ही तावडू पुलिस और डीएसपी अभिमन्यु लोहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार में फंसे शवों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका। इस घटना ने एक बार फिर राजमार्गों पर अवैध रूप से बने ढाबों और अवैध पार्किंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद एक्सप्रेसवे के किनारे अवैध खोखे और खड़े वाहन हादसों को न्यौता दे रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
#KMPExpressway #RoadAccident #UPPolice #HaryanaNews #TragicDeath #PoliceMartyrs #SafeDriving #DanikKhabar
Previous
चंडीगढ़ के कॉलेजों में OBC आरक्षण की शुरुआत: यूजी दाखिलों में मिलेगा 3% कोटा, चरणबद्ध तरीके से 27% तक बढ़ाने की योजना।
Next