11/09/26

दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अलर्ट: 11 से 13 सितंबर तक 35 प्रमुख सड़कों पर बदला रूट, निकलने से पहले देखें पूरी सूची

नई दिल्ली , 11 सितंबर (अभिकान्त) : नई दिल्ली में आयोजित हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने और विदेशी प्रतिनिधियों के सुगम आवागमन के लिए दिल्ली पुलिस ने कड़े यातायात प्रतिबंध लागू किए हैं। भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास के इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जहां दोपहर दो बजे से रात साढ़े आठ बजे तक व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। इस दौरान लुटियंस दिल्ली और आसपास की 35 से अधिक मुख्य सड़कों पर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जा रहा है।

यातायात पुलिस ने असुविधा से बचने के लिए शहर के 22 प्रमुख चौराहों और जंक्शनों पर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ने की व्यवस्था की है। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, रामचरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग-आउटर सर्किल, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर, वंदे मातरम मार्ग, धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग और मंडी हाउस शामिल हैं। इसके अलावा लोधी रोड क्षेत्र के प्रमुख जंक्शनों, लोधी फ्लाईओवर के नीचे, नीला गुंबद, ओबेराय फ्लाईओवर के नीचे, डीपीएस मथुरा रोड यू-टर्न और रिंग रोड-भैरों रोड पर भी वाहनों की आवाजाही को डाइवर्ट किया जा रहा है।

सम्मेलन के दौरान सुरक्षा कारणों से सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रह्मण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, केमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज़ टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग जैसे मुख्य मार्गों पर आवागमन प्रभावित रहेगा।

यातायात पुलिस ने रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे और अंतरराज्यीय बस अड्डों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और मुख्य रूप से दिल्ली मेट्रो सेवा का उपयोग करने की सलाह दी है। सामान्य वाहन चालकों को असुविधा से बचने के लिए रिंग रोड, बीएसजेड मार्ग, आईपी मार्ग, लोधी रोड, आउटर सर्किल और अशोका रोड को वैकल्पिक मार्ग के रूप में प्रयोग करने का सुझाव दिया गया है।

#BRICSSummit #DelhiTraffic #TrafficAdvisory #NewDelhi #DelhiPolice #BreakingNews #DanikKhabar

Previous

CBSE बोर्ड परीक्षा 2027: स्कूलों के लिए सख्त निर्देश, एलओसी और पंजीकरण में छात्र विवरण भरने में बरतें विशेष सावधानी

Next

सोनीपत में 2 करोड़ की फिरौती मांग दफ्तर पर चलाई गोलियां; पुलिस एनकाउंटर में 2 शूटर घायल, 3 पिस्तौल बरामद