20/07/26

दिल्ली में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत DDA ने लगाए 6.62 लाख से अधिक पौधे; 23 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

अभिकान्त, 20 जुलाई नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस महा-अभियान के तहत दिल्ली में कुल 70 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें से अकेले डीडीए को 23 लाख पौधे लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। डीडीए अधिकारियों के अनुसार, प्राधिकरण ने अब तक 6.62 लाख से अधिक पौधे लगाकर अपने कुल लक्ष्य का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

डीडीए से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्लीभर में अब तक रोपे गए 6.62 लाख से अधिक पौधों में 6.25 लाख पर्यावरण-अनुकूल झाड़ियां (Shrubs) शामिल हैं। यह व्यापक पौधारोपण अभियान रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी समूहों (NGOs) और कॉर्पोरेट संस्थानों के सक्रिय सहयोग से चलाया जा रहा है।

दिल्ली को हरा-भरा बनाने का यह सिलसिला डीडीए के अधीन आने वाले 675 पार्कों के साथ-साथ दिल्ली के फेफड़े कहे जाने वाले चार प्रमुख रिज क्षेत्रों—दक्षिण मध्य रिज, नानकपुरा रिज, केंद्रीय रिज और उत्तरी रिज में युद्ध स्तर पर जारी है। इसके अतिरिक्त, दिल्ली के छह प्रमुख जैव विविधता पार्कों (Biodiversity Parks) सहित कई अन्य खुले स्थानों पर भी सघन पौधारोपण किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इस विशेष पौधारोपण अभियान की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीते 7 जुलाई को की थी, जो आगामी सितंबर महीने के मध्य तक निरंतर जारी रहेगा। डीडीए अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के सख्त दिशा-निर्देशों के अनुसार, केवल पौधे लगाने पर ही नहीं बल्कि उनके जीवित रहने की दर (Survival Rate) बढ़ाने के लिए उनकी उचित देखभाल और सिंचाई व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

#EkPedMaaKeNam #DDADelhi #PlantationDriveDelhi #GreenDelhi2026 #AmitShah #Danikkhabar #TaranjitSinghSandhu

Previous

संसद के मानसून सत्र 2026 की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने संबोधन दिया और संसद कार्यवाही सुचारू चलाने पर जोर दिया

Next

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की नई टीम घोषित: विष्णु मित्तल व योगिता सिंह बने दिल्ली भाजपा महामंत्री