बरसात के दौरान पूरी करें सभी औपचारिकताएं, मौसम खुलते ही शुरू हों सड़क निर्माण कार्य : लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा
अभिकान्त, 23 जून चंडीगढ़ : हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात के मौसम के दौरान सभी प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय औपचारिकताएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि मौसम अनुकूल होते ही सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों को तेजी से शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
मंगलवार को कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा लोकनिर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप राज्य के सभी 22 जिलों में विकसित की जाने वाली मॉडल रोड परियोजनाओं के साथ साथ अन्य प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की।
मंत्री रणबीर गंगवा को अधिकारियों ने बताया कि इन मॉडल सड़कों की कुल लंबाई लगभग 115 किलोमीटर होगी। इन सड़कों को सौंदर्यकरण, आधुनिक सुविधाओं और सड़क सुरक्षा के लिहाज से प्रदेश की आदर्श सड़कें बनाया जाएगा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि चयनित 8 सड़कों का विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा सर्वेक्षण जुलाई माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही मॉडल रोड परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी भी जुलाई तक मिलने की संभावना है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
बैठक में अधिकारियों ने वर्ष 2026-27 के कार्य कार्यक्रम की प्रगति से भी मंत्री श्री रणबीर गंगवा को अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित 1,633 सड़कों में से 1,042 सड़कों के ईओ तैयार कर भेजे जा चुके हैं, जबकि शेष सड़कों की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है। इस पर मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि तमाम सड़कों के निर्माण कार्य, रिपेयरिंग इत्यादि के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बारिश के सीजन के अंदर इस संबंध में कागजी कार्रवाई पूरी कर ली जाए, सड़कों के निर्माण की क्वालिटी में किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं होगा।
इस दौरान "म्हारी सड़क" ऐप की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देश दिए कि जिन सड़कों का विवरण अभी तक ऐप में शामिल नहीं है, उन्हें भी जल्द जोड़ा जाए। ताकि आमजन अपनी सड़क से संबंधित शिकायत एप पर भेज सके और उसका समाधान जल्द हो। अधिकारियों ने बताया कि विभाग ऐसी व्यवस्था विकसित कर रहा है, जिसके तहत सड़कों पर लगाए जाने वाले QR कोड को स्कैन कर आमजन सड़क से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने इस कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए, समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर, सुरक्षित और टिकाऊ सड़क नेटवर्क उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में हरियाणा स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (HARSAC) के साथ मिलकर विभाग द्वारा करवाए जा रहे कार्य में भी तेजी लाने को कहा। उन्होंने अन्य विभागीय परियोजनाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान पीडब्ल्यू (बी एंड आर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, अतिरिक्त सचिव हितेश कुमार मीणा, इआईसी अनिल दहिया सहित अधिकारीगण मौजूद थे।
#ChandigarhNews #RanbirGangwa #HaryanaRoads #ModelRoadProject #MhariSadakApp #HaryanaGovt2026 #PWDHaryana #InfrastructureUpdate #Danikkhabar
Previous
शांति, भाईचारे और निष्काम कर्म के वैश्विक संदेश के साथ क्योटो (जापान) में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य समापन
Next