मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात
चंडीगढ़, 27 फरवरी (अभी) - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ हरियाणा के आधारभूत विकास और भविष्य की परियोजनाओं पर चर्चा की और केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति रिपोर्ट से प्रधानमंत्री को अवगत कराया।
बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश में किये जा रहे चहुँमुखी विकास कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार समाज के सभी वर्गों विशेषकर गरीब और पिछड़ा वर्ग के लिए निरंतर कल्याणकारी योजनाएं लागू कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सफल प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में दिल्ली विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज़ करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्लीवासियों को भी अब केंद्र की हर जनकल्याणकारी योजना का लाभ मिलना सुनिश्चित होगा।