सावधान! गूगल से डॉक्टर का नंबर ढूंढना पड़ा महंगा, पंचकूला की महिला टीचर से लाखों की साइबर ठगी
हरियाणा/पंचकूला, 25 फरवरी(अन्नू): हरियाणा के पंचकूला से साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला टीचर को ऑनलाइन डॉक्टर का नंबर सर्च करना बहुत भारी पड़ गया। लीवर के डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश में जालसाजों ने महिला के बैंक खाते पर हाथ साफ कर दिया और देखते ही देखते लाखों रुपये उड़ा लिए।
पंचकूला सेक्टर-23 की रहने वाली सुनीता रानी, जो अभयपुर के एक स्कूल में शिक्षिका हैं, अपने मोबाइल पर लीवर के विशेषज्ञ डॉक्टर/अस्पताल का नंबर ढूंढ रही थीं। गूगल सर्च के दौरान उन्हें एक नंबर मिला। जब उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया, तो दूसरी तरफ से कहा गया कि उन्हें जल्द ही अस्पताल की ओर से वापस फोन आएगा। कुछ देर बाद एक कॉल आई, जिसमें जालसाज ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर अस्पताल के खाते में मात्र 10 रुपये जमा करने को कहा।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने कई बार 10 रुपये भेजने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल होता रहा। उन्होंने इस बारे में फोन करने वाले व्यक्ति से बात भी की। इसके कुछ ही देर बाद उनके खाते से धोखाधड़ी का खेल शुरू हो गया। पहले एक छोटा ट्रांजेक्शन हुआ और उसके बाद अगले दो दिनों के भीतर 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2,03,812 रुपये उनके खाते से निकाल लिए गए।
ठगी का अहसास होते ही पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी SI भूप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उन बैंक खातों की डिटेल खंगाली जा रही है जिनमें पैसे ट्रांसफर हुए हैं। पुलिस ने जनता को आगाह किया है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें और न ही बैंक संबंधी जानकारी साझा करें।
साइबर सुरक्षा के लिए जरूरी बातें:
• सत्यापित वेबसाइट: हमेशा अस्पतालों की आधिकारिक वेबसाइट से ही नंबर लें।
• छोटा भुगतान भी है खतरा: ठग अक्सर 'कम पैसे' भेजने का लालच देकर आपका एक्सेस हासिल करते हैं।
• हेल्पलाइन: ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
#CyberCrime #PanchkulaNews #OnlineFraud #CyberSafety #Awareness #HaryanaNews #GoogleSearchScam