अम्बाला: बाड़ा में आयुर्वेदिक शिविर में महिलाओं को सिखाए योग और ऋतुचर्या के गुण; 63 लाभार्थियों को बांटी नि:शुल्क दवाएं
अम्बाला, 05 जनवरी (अभी) : आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) बाड़ा के तत्वावधान में बाड़ा गांव के उपकेंद्र बाड़ा व एक अन्य धर्मशाला में एक आयुर्वेदिक जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, आयुष अम्बाला डॉ. शशिकांत शर्मा जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर का संचालन डॉ. समिधा शर्मा (आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी) द्वारा किया गया।
उपकेंद्र बाड़ा में आयोजित शिविर के दौरान डॉ. समिधा शर्मा ने महिलाओं के लिए सूर्य नमस्कार एवं अन्य योगाभ्यास करवाए, जिसमें 20 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक श्रीमती सोनिया शर्मा का विशेष सहयोग रहा। इसी प्रकार पंडियों की धर्मशाला में आयोजित शिविर में लगभग 20 महिलाओं ने योगाभ्यास में भाग लिया, जहाँ श्रीमती दपिंदर कौर (योग सहायक) ने सहयोग प्रदान किया।
दोनों स्थानों पर डॉ. समिधा शर्मा ने वर्तमान हेमंत ऋतुचर्या के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस ऋतु में पाचन अग्नि कमजोर होती है, अत: हल्का, सुपाच्य एवं पोषणयुक्त आहार लेना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को तिल, रागी, बाजरा, मूंग, मौसमी सब्जय़िाँ तथा देशी घी के संतुलित उपयोग की सलाह दी। साथ ही अचार, तले-भुने एवं अत्यधिक खट्टे-नमकीन पदार्थों के सीमित सेवन पर बल दिया।
डॉ. शर्मा ने महिलाओं में बढ़ती पोषण की कमी, विशेषकर आयरन, कैल्शियम एवं प्रोटीन की कमी, पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बिना पूर्ण चिकित्सकीय आवश्यकता के बढ़ती हिस्टरेक्टॉमी (गर्भाशय निकाले जाने) की प्रवृत्ति को भी गंभीर विषय बताया और इसके आयुर्वेदिक एवं जीवनशैली आधारित विकल्पों पर चर्चा की।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) बाड़ा में आज विशेष रूप से महिलाओं के लिए शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 63 महिलाओं को नि:शुल्क स्वास्थ्य टॉनिक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त सभी लाभार्थियों को मालिश का तेल एवं अन्य आयुर्वेदिक टॉनिक भी प्रदान किए गए। शिविर में उपस्थित महिलाओं ने आयुष विभाग द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर ज्योति, जगिरो, मनिंदर सहित अन्य सहयोगी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आयुर्वेद, योग एवं संतुलित आहार के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
#AyurvedicCamp #AyushmanArogyaMandir #AmbalaNews #YogaForWomen #AyushHaryana #WinterDietetics #FreeMedicalCamp #HolisticHealth #AyurvedaLifestyle #WomenHealth #AmbalaHealth #HealthyBharat