व्हाट्सएप पर 'डिजिटल अरेस्ट' कर 15 लाख ठगने वाला आरोपी जोधपुर से गिरफ्तार, अम्बाला साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अभिकान्त, 14 अप्रैल अम्बाला : साइबर अपराधियों के खिलाफ छेड़े गए अभियान में अम्बाला की साइबर क्राइम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 'डिजिटल अरेस्ट' जैसे खतरनाक साइबर ट्रेंड के जरिए लोगों को डराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से एक आरोपी को काबू किया है। इस आरोपी ने खुद को नकली एटीएस (ATS) इंस्पेक्टर बताकर एक महिला को व्हाट्सएप पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट और संपत्ति जब्ती के आदेश भेजे थे, जिससे डरी हुई महिला से 15 लाख रुपये ऐंठ लिए गए थे।

पीड़ित महिला ने 27 फरवरी 2026 को अम्बाला साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 17 फरवरी से 24 फरवरी 2026 के बीच अज्ञात ठगों ने उसे व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया। ठगों ने खुद को एटीएस का वरिष्ठ अधिकारी बताया और पीड़िता को डराया कि वह किसी गंभीर आपराधिक मामले में फंस गई है। उसे विश्वास दिलाने के लिए बकायदा फर्जी कानूनी दस्तावेज और गिरफ्तारी वारंट व्हाट्सएप पर भेजे गए। पीड़िता को कई दिनों तक 'डिजिटल अरेस्ट' रखा गया, यानी उसे कैमरे के सामने रहने और किसी को न बताने के लिए मजबूर किया गया। इसी मानसिक दबाव का फायदा उठाकर आरोपियों ने उससे 15 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

निरीक्षक राजबीर के नेतृत्व में साइबर पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण के बाद मुख्य आरोपी की पहचान अनुपम, निवासी चोपासनी हाउसिंग बोर्ड, जोधपुर (राजस्थान) के रूप में की। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जोधपुर में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह पुष्टि हुई है कि पीड़िता के 15 लाख रुपये इसी आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे।

अम्बाला पुलिस ने इस घटना के बाद आमजन को सचेत करते हुए कहा है कि कोई भी सरकारी एजेंसी या पुलिस अधिकारी व्हाट्सएप पर गिरफ्तारी वारंट नहीं भेजता और न ही 'डिजिटल अरेस्ट' जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया अस्तित्व में है। साइबर ठगों से बचने का एकमात्र तरीका जागरूकता है। यदि कोई आपको वीडियो कॉल के जरिए डराने या पैसे की मांग करने की कोशिश करता है, तो घबराएं नहीं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। आपकी सतर्कता ही आपकी गाढ़ी कमाई को ठगों से बचा सकती है।

#AmbalaCyberPolice #DigitalArrest #CyberCrimeIndia #OnlineFraudAwareness #PoliceAction #JodhpurNews #CyberCellAmbala #FraudAlert #StaySafeOnline #FinancialCrime #CyberSecurityIndia #HaryanaPolice #ATSScam #DigitalIndiaSecurity #InternetSafety

Previous

​"जोश और हिम्मत से लबरेज हैं सम्राट चौधरी, उनके नेतृत्व में बिहार छुएगा नई ऊंचाइयां" - ऊर्जा मंत्री अनिल विज

Next

बिहार से दिल्ली होते हुए अम्बाला पहुँचे नशा तस्कर दंपति पर पुलिस का शिकंजा, दो किलो गांजे के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार