16/07/26

उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने किया अम्बाला केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण; व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि, किया पौधारोपण

जे कुमार अम्बाला शहर, 16 जुलाई 2026: उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने वीरवार को अम्बाला शहर स्थित केंद्रीय कारागार (सेंट्रल जेल) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर के भीतर कंप्यूटर कक्ष, रसोई घर, जेल रेडियो स्टेशन, लाइब्रेरी, कैंटीन, बेकरी यूनिट और सुरक्षा कंट्रोल रूम सहित विभिन्न बैरकों का जायजा लिया। इस विशेष दौरे के दौरान उपायुक्त ने जेल परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया। इस मौके पर उनके साथ जेल अधीक्षक सतविन्द्र गोदारा और नगराधीश (सिटी मजिस्ट्रेट) अभिषेक गर्ग मुख्य रूप से मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने जेल अधीक्षक से कारागार में बंदियों व कैदियों की कुल संख्या और उन्हें दी जा रही मूलभूत सुविधाओं के बारे में विस्तार से पूछा। सुरक्षा के लिहाज से बनाए गए हाई-टेक कंट्रोल रूम का अवलोकन करते हुए उन्होंने सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की। इसके बाद उपायुक्त ने जेल की रसोई का रुख किया, जहाँ उन्होंने कैदियों के लिए बनाए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने जेल अस्पताल का भी दौरा कर बंदियों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।

कानूनी सहायता और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना

उपायुक्त ने विभिन्न वार्डों और बैरकों में जाकर कैदियों से बातचीत की और वहाँ उपलब्ध सुविधाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया। जेल अधीक्षक सतविन्द्र गोदारा ने उपायुक्त को अवगत कराया कि जिन भी बंदियों या कैदियों को कानूनी मदद की दरकार होती है, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के माध्यम से निशुल्क और त्वरित कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। उपायुक्त ने जेल प्रशासन द्वारा कैदियों के कल्याण और मानवाधिकारों के अनुकूल प्रदान की जा रही सुविधाओं पर पूर्ण संतुष्टि व्यक्त की।

जेल रेडियो और कंप्यूटर प्रशिक्षण की उपायुक्त ने की विशेष तारीफ

  • रेडियो पर धून: उपायुक्त ने जेल के उस विशेष कक्ष का जायजा लिया जहाँ से 'जेल रेडियो' का संचालन होता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से कैदियों की फरमाइश पर उनके मनपसंद गाने बजाए जाते हैं, जो उनके मानसिक तनाव को कम करने में मददगार है। उन्होंने यहाँ बने म्यूजिक रूम की भी सराहना की।

  • डिजिटल साक्षरता: उपायुक्त ने जेल के कंप्यूटर कक्ष का भी दौरा किया, जहाँ कैदियों को कंप्यूटर का व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उपायुक्त ने इस सुधारात्मक पहल को बेहद सराहा और कहा कि इससे कैदियों को मुख्यधारा में लौटने में मदद मिलेगी।

इस निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सतविन्द्र गोदारा, डीएसपी (जेल) राजीव, डीएसपी यश कुमार सहित जेल विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

#AmbalaNews #AmbalaCentralJail #DCAmbala #JailInspection #PrisonReforms #JailRadio #HaryanaPolice #BreakingNewsAmbala

Previous

गाड़ी दिलाने के नाम पर 21 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी मुंबई से गिरफ्तार, EOW को बड़ी सफलता

Next

अम्बाला सदर में 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान का आगाज: वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने खुद कचरा उठाकर की शुरुआत