12/02/26

अंबाला: अलमारी ठीक करने आए 'कारीगर' ने उड़ाए 12 लाख के जेवर, शातिराना अंदाज में वारदात को दिया अंजाम

अंबाला, 12 फ़रवरी (अन्‍नू): अंबाला शहर के सेक्टर-9 में चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक जालसाज ने बड़ी चतुराई से एक घर में घुसकर लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-9 निवासी और पेशे से शिक्षिका पूजा शर्मा के घर की अलमारी का लॉक खराब था। 9 फरवरी की दोपहर जब एक व्यक्ति गली में अलमारी की मरम्मत और चाबियां बनाने की आवाज लगा रहा था, तो उन्होंने उसे काम के लिए घर के अंदर बुला लिया।


मजदूर के भेष में आए इस शातिर चोर ने मरम्मत के बहाने अलमारी के साथ काफी देर तक छेड़छाड़ की। इसी बीच मौका पाकर उसने लॉकर में रखे करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने गायब कर दिए। अपनी चोरी को छिपाने के लिए उसने जाते-जाते लॉकर के लॉक को इस कदर जाम कर दिया कि परिवार उसे तुरंत खोल न सके। जब बाद में लॉकर खोलने का प्रयास किया गया, तब इस बड़ी वारदात का खुलासा हुआ।


इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस के हाथ कुछ संदिग्धों की तस्वीरें भी लगी हैं, जिनके आधार पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर आए किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें।




#AmbalaCity #AmbalaNews #CrimeAlert #TheftCase #HaryanaPolice #AmbalaPolice #Sector9Ambala #SecurityAlert #Chori #CrimeNewsHindi #HaryanaNews #Awareness

Previous

एस.ए. जैन सीनियर मॉडल स्कूल में दो दिवसीय दंत चिकित्सा शिविर संपन्न: पूर्व छात्र डॉ. लगन गर्ग ने दी ओरल हाइजीन की जानकारी

Next

"गाड़ी से तेल टपक रहा है..." कहकर अंबाला में महिला कर्मचारी से ठगी, पर्स से नकदी साफ