उत्तर प्रदेश के सभी 7 एयरबेस पर हाई अलर्ट, हवाई पट्टियों पर सुरक्षा बलों को उतारा गया; नेपाल बॉर्डर पर भी पुलिस मुस्तैद
उत्तर प्रदेश, 09 मई (अभी): देश की सीमा पर तनाव के बीच प्रदेश में आंतरिक सुरक्षा के लिए भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रमुख सैन्य एवं रणनीतिक महत्व के प्रतिष्ठानों, अयोध्या, मथुरा, काशी सहित आस्था के प्रमुख केंद्रों, ऐतिहासिक और राष्ट्रीय गरिमा से जुड़े अन्य स्थलों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।
नेपाल से जुड़े सीमावर्ती गांवों के लोगों से अपील की जा रही कि कोई संदिग्ध दिखने पर तुरंत सूचित करें। स्थानीय दुकानों से खरीदारी के लिए आने वाले नेपाली लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस बल और एसएसबी की संयुक्त गश्त चल रही है। सीमा से 500 मीटर पहले ही वाहनों को रोककर चेकिंग की जा रही है।
सभी एयरबेस पर हाई अलर्ट
लखनऊ के बीकेटी, सहारनपुर के सरसावा, अयोध्या, आगरा, प्रयागराज, बरेली और हिंडन के एयरबेस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एक्सप्रेसवे पर बनी हवाई पट्टियों पर भी सुरक्षा बलों को उतार दिया गया है। कानपुर में आयुध निर्माणी समेत अन्य सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा भी कड़ी की गई है।
पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने बताया कि कानपुर में आर्डनेंस फैक्ट्रियां, सैन्य साजो-सामान के लिए शोध करने वाली डीएमएसआरडीई और आइआइटी जैसे संस्थान हैं। छावनी क्षेत्र, एयरफोर्स स्टेशन और एयरपोर्ट हैं। यहां की सुरक्षा सेना और अर्द्ध सैनिक बलों के हवाले है, लेकिन इनसे सटे क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी है।
मिश्रित आबादी वाले स्थानों में खुफिया तंत्र एक्टिव
मिश्रित आबादी वाले स्थानों पर खुफिया तंत्र को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। जरूरत पड़ने पर सेना की मूवमेंट होती है तो उसे सुरक्षित रखने की कार्ययोजना बना ली गई है।
अयोध्या, मथुरा, काशी में प्रमुख मंदिरों के आसपास छतों पर भी सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। रामनगरी में रामजन्मभूमि परिसर सहित संपूर्ण रामनगरी में प्रवेश एवं निकास मार्ग पर चेकिंग की जा रही है। होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे, धर्मशालाओं के संचालकों को आगंतुकों पर विशेष दृष्टि रखने का निर्देश दिया गया है।
रेलवे एवं बस स्टेशन पर भी चेकिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही लखनऊ छावनी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारिकाधीश के मंदिरों के आसपास सुरक्षा सख्त कर दी गई है।