09/05/25

महाराणा प्रताप की जयंती पर हो दो दिनों की छुट्‌टी, अखिलेश ने की ये मांग

उत्तर प्रदेश, 09 मई (अभी): उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिनों की छुट्‌टी की डिमांड की है। वहीं, उन्होंने वैसे इतिहास को छोड़ देने की अपील की है, जो लोगों को जोड़ने की बात नहीं करता है। महाराणा प्रताप की जयंती पर उन्हें याद करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने हमेशा समाज को एकजुट करने का प्रयास किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाया जाएगा। उनकी तलवार सोने की बनवाई जाएगी।



समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इन दिनों रोजाना प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी सरकार को आड़े हाथ ले रहे हैं। हालांकि, शुक्रवार को अखिलेश यादव कुछ बदले-बदले अंदाज में नजर आए। महाराणा प्रताप जयंती पर अखिलेश यादव सिर पर पगड़ी पहने नजर आए। उनकी जयंती पर सपा मुखिया ने बीजेपी सरकार से एक दिन की जगह दो दिन की छुट्टी किए जाने की मांग की है। साथ ही, सपा सरकार बनने पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाने का भी एलान किया है। इससे पहले राजा सुहेलदेव की प्रतिमा भी रिवर फ्रंट पर लगाने की बात कह चुके हैं।

महाराणा प्रताप प्रेरणादायक

लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित सपा दफ्तर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महाराणा प्रताप की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि महाराणा प्रताप हमेशा हमें प्रेरणा देते हैं। हमारे समाज को त्याग, बलिदान, वीरता और शौर्य का सबसे ज्यादा महाराणा प्रताप से प्रेरणा मिलती है।



अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार ने महाराणा प्रताप के सम्मान में एक दिन का अवकाश घोषित किया था। अब हमारी सरकार से मांग है कि भविष्य में महाराणा प्रताप की जयंती पर दो दिन की छुट्टी जरूर घोषित की जाए। ताकि एक दिन तैयारी की जा सके और दूसरे दिन बहुत उत्साह के साथ जयंती को मना सकें।

Previous

उत्तर प्रदेश के सभी 7 एयरबेस पर हाई अलर्ट, हवाई पट्टियों पर सुरक्षा बलों को उतारा गया; नेपाल बॉर्डर पर भी पुलिस मुस्तैद

Next

राजस्थान स्टेट गैस द्वारा सीएनजी स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना और सोशियल मीडिया पर अनावश्यक प्रतिक्रिया ना करने के निर्देश