स्पेन की 4-0 से आसान जीत और मिस्र ने 3-1 से मुकाबला जीत रचा इतिहास

आरएस अनेजा, 22 जून नई दिल्ली - फीफा विश्व कप 2026 में स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से हरा दिया है. अटलांटा स्टेडियम में खेले गए इस ग्रुप एच (Group H) के मुकाबले में स्पेन ने शानदार वापसी करते हुए टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।

18 वर्षीय युवा स्टार लामिन यमाल ने मैच के 10वें मिनट में ही पहला गोल दागकर इतिहास रच दिया और अपने विश्व कप डेब्यू को यादगार बनाया। मिकेल ओयारज़ाबल ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहले हाफ में सिर्फ ढाई मिनट के भीतर दो बैक-टू-बैक गोल (21वें और 24वें मिनट में) दागे. उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।दूसरे हाफ के 49वें मिनट में सऊदी अरब के डिफेंडर हसन अल-तंबक्ती के आत्मघाती गोल (Own Goal) की वजह से स्पेन की बढ़त 4-0 हो गई।

FIFA World Cup 2026: 92 साल का इंतजार खत्म, मिस्र ने विश्व कप की पहली जीत दर्ज की

मिस्र ने इतिहास रचते हुए न्यूजीलैंड को 3-1 से हराकर विश्व कप में अपनी पहली जीत दर्ज की। विश्व कप में डेब्यू करने के 92 साल और 25 दिन बाद मिली यह जीत मिस्र के फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गई। इस शानदार जीत के साथ टीम ने ग्रुप-जी में अपनी स्थिति भी मजबूत कर ली।

स्टार फुटबॉलर मोहम्मद सलाह ने मैच का निर्णायक गोल दागकर मिस्र की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही वह विश्व कप के दो अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले पहले मिस्री खिलाड़ी बन गए। 34 साल और 6 दिन की उम्र में गोल कर उन्होंने मिस्र के लिए विश्व कप में सबसे उम्रदराज गोल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने आक्रामक शुरुआत की। मैच के 15वें मिनट में फिन सुरमन ने कॉर्नर से शानदार हेडर लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। विश्व कप इतिहास में यह पहला मौका था जब मिस्र पहले हाफ के बाद पिछड़ रहा था।

दूसरे हाफ में मिस्र ने शानदार खेल दिखाया। गोलकीपर मोस्तफा शोबेर ने बेहतरीन बचाव कर न्यूजीलैंड की बढ़त दोगुनी होने से रोकी। इसके बाद 58वें मिनट में जिको ने बराबरी का गोल दागा। नौ मिनट बाद मोहम्मद सलाह ने शानदार टीम मूव के बाद विजयी गोल कर मिस्र को बढ़त दिलाई। मैच खत्म होने से आठ मिनट पहले ट्रेजेगुए ने तीसरा गोल कर जीत पक्की कर दी।

Previous

अवैध जल उपयोग पर सख्त कार्रवाई, नौ अभियानों में 2,518 अवैध कनेक्शन हटाकर जल संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित : राजस्थान

Next

छत्तीसगढ़ में ISI का संदिग्ध नेटवर्क ध्वस्त: पंजाब का सेवक सिंह गिरफ्तार; ड्रोन से हथियार मंगाकर 'टारगेट किलिंग' की थी साजिश