भीड़ को नियंत्रित करने को चलेंगी 350 स्पेशल ट्रेनें, नई और पुरानी दिल्ली, आनंद विहार पर खास इंतजाम
नई दिल्ली, 11 मार्च (अभी): होली पर उमड़ने वाली भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे ने तैयारी पूरी कर ली है। ट्रेन संचालन और भीड़ नियंत्रण के लिए मिनी कंट्रोल रूम सभी स्टेशनों पर बनाया गया है। जहां 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य आधुनिक उपकरण लगाया गया है। इसकी निगरानी विशेष ड्यूटी अधिकारी (एसडीओ) करेंगे। मिनी कंट्रोल के साथ बेहतर समन्वय के लिए वाणिज्यिक और आरपीएफ कर्मचारियों को वॉकी टॉकी प्रदान की गई है। इतना ही नहीं वाणिज्यिक टिकट जांच कर्मचारियों (टीटीई) को विशेष वर्दी प्रदान की गई है। ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में उन्हें आसानी से पहचाना जा सके। निर्बाध टिकट जांच में मदद मिल सके।
दिल्ली रेल मंडल के नई दिल्ली, दिल्ली, निजामुद्दीन, आनंद विहार, गाजियाबाद और पानीपत स्टेशन पर मिनी कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। नई दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशन परिसर में भीड़ बढ़ने पर सुरक्षा के लिए विशेष होल्डिंग एरिया बना है। इस जगह पर टिकट बुकिंग काउंटर स्थानांतरित किया गया है ताकि टिकट काउंटर पर भी भीड़ नहीं बढ़ कसे। खास बात है कि बिना टिकट यात्रियों को अब इन स्टेशनों के अंदर जाने की अनुमति नहीं है। केवल उन्हीं यात्रियों को स्टेशन के अंदर जाने की अनुमति है जिनके पास वैध टिकट हैं। मोबाइल टिकटिंग और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन पर्याप्त संख्या में तैनात की गई हैं।