हरियाणा में युवाओं के लिए 'होम स्टे' की निःशुल्क ट्रेनिंग होगी, 16 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन
हरियाणा , 04 अगस्त (अभिकान्त) : हरियाणा सरकार के युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग के अंतर्गत आने वाले कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने राज्य के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में युवाओं को पर्यटन और आतिथ्य सत्कार (हॉस्पिटैलिटी) क्षेत्र में बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'होम स्टे' की निःशुल्क ट्रेनिंग प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए जा रहे हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत राज्य के 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा होम स्टे ट्रेनिंग के लिए आवेदन करने के लिए पात्र होंगे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण और शहरी युवाओं को होम स्टे व्यवसाय की बारीकियों से अवगत कराना और उन्हें स्वावलंबी बनाना है। जो भी इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेना चाहते हैं, वे 4 अगस्त 2026 से लेकर 16 अगस्त 2026 तक अपने संबंधित जिला नोडल आई.टी.आई. (ITI) में जाकर अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवेदन प्रपत्र तथा सभी आवश्यक नियम व शर्तें विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.itiharyana.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई हैं, जहाँ से अभ्यर्थी इन्हें आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों के चयन की पूरी प्रक्रिया में विभाग का निर्णय ही अंतिम और सर्वमान्य रहेगा।
Previous
‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-आंदोलन बनाएगी हरियाणा सरकार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
Next