27/07/26

“मीट द ऑथर” कार्यक्रम में शहीदों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश, जनसंपर्क विभाग का सूचना केंद्र साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण मंच : राजस्थान

एन.एस.बाछल, 27 जुलाई, जयपुर।

राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर एवं शरण्या सेवा संस्थान, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में एसएमएस अस्पताल के सामने स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सूचना केंद्र में ‘मीट द ऑथर’ (लेखक से मिलिए) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य पर इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध चित्रकार एवं लेखक चंद्रप्रकाश गुप्ता ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के चित्र (पोर्ट्रेट) शहीदों के परिजनों को भेंट करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने अपनी पुस्तक ‘शौर्य और शहादत को सलाम’ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें कारगिल विजय के बाद से राजस्थान के शहीद जवानों के चित्रों के साथ उनकी शौर्यगाथाओं का संकलन किया गया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों, पत्रकारों एवं श्रोताओं ने विषय पर अपने विचार व्यक्त किए तथा चंद्रप्रकाश गुप्ता से संवाद किया। इस दौरान राष्ट्र, समाज, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. गोरधन लाल शर्मा ने चंद्रप्रकाश गुप्ता के राष्ट्रसेवा एवं शहीदों के सम्मान के प्रति किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैन्य शक्ति को सुदृढ़ बनाने एवं युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

डॉ. शर्मा ने इस अवसर पर “है नमन उनको जिनके सामने बौना हिमालय, जो धरा पर गिर पड़े पर आसमानी हो गए” पंक्तियों का भावपूर्ण गायन कर उपस्थित जनों को भावविभोर और गौरवान्वित कर दिया। उन्होंने सूचना केंद्र की लाइब्रेरी में शहीदों के चित्र स्थापित किए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे यहां आने वाले विद्यार्थियों एवं आमजन में देशभक्ति की भावना का संचार होगा तथा युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम के समापन पर शहीदों के परिजनों का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जनसंपर्क विभाग का सूचना केंद्र साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित हो रहा है। यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रम लेखकों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं साहित्य प्रेमियों को संवाद, विचार-विमर्श तथा सृजनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम में शहीदों के परिजन, साहित्यकार, कलाकार, पत्रकार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajsthan

Previous

पी.के.आर. जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में CBSE का 'एडवांस्ड लाइफ स्किल्स' क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित

Next

प्रवासी राजस्थानी दिवस से प्रवासियों को मिलेगा प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का अवसर- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा