कालका-शिमला ट्रैक पर चलने वाली नई पैनोरमिक विस्ताडोम रेल की रेल मंत्री अश्विन वैष्णव ने शेयर की वीडियो
दिल्ली,14 जनवरी (अभी) : विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल लाइन पर चलने वाले नए पैनोरमिक विस्ताडोम कोच का रेल मंत्री अश्विन वैष्णव ने वीडियो शेयर किया है। रेल मंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने ऑफिशियल अकाउंट पर दौड़ते कोच का वीडियो डाला है। उन्होंने वीडियो को शेयर करने के साथ हिमाचल के मनोरम दृश्यों का नया अनुभव देने के लिए तैयार कोच लिखा है। इससे साफ होता है कि आगामी कुछ दिनों में कालका-शिमला रेल लाइन पर लाल रंग से रंगे पैनोरमिक कोच दौड़ते हुए दिखाई देंगे। वीडियो में उन्होंने पैनोरमिक विस्ताडोम कोच के बाहर और अंदर की खूबसूरती को दिखाया है। इसके चलने के बाद पर्यटक हिमाचल की हसीन व खूबसूरत वादियों को ओर करीब से निहार सकेंगे। नैरो-गेज रेल लाइन पर इन कोच को चलने के लिए दो साल से रेलवे बोर्ड कसरत कर रहा है। इसी के साथ कई ट्रायल भी सफल हो चुके हैं।
खास बात यह है कि दिसंबर-2024 में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों ने भी ट्रेन चलाने के लिए हरी झंडी दिखा दी है। गौरतलब है कि कालका-शिमला रेलवे ट्रैक को आधुनिक बनाया जा रहा है। इसे लेकर नये कोच को रेलवे बोर्ड उतार रहा है। अब जल्द ही लोगों को लाल रंग से युक्त पैनोरमिक विस्ताडोम कोच की सुविधा मिलेगी। पहले चरण में बोर्ड ने रेल कोच फैक्ट्री से सात कोच तैयार करवाए हैं। इन कोच में यात्रियों की सुरक्षा को भी बढ़ाया गया है। पेनोरमिक विस्ताडोम कोच में एयर पावर ब्रेक सिस्टम होगा। आपात समय में ब्रेक लगाने के बाद अधिक दिक्कत भी नहीं आएगी।
डिस्पले बोर्ड से होगी यात्रियों को आसानी
पैनोरमिक विस्ताडोम के एसी कोच साउंड प्रूफ हैं। पेनोरमिक विंडो में शीशे बड़े होने के साथ ही छत तक होते हैं, जिससे यात्री बाहर के नजारों का बेहतर तरीके से लुत्फ उठा सकेंगे। इसके साथ लगेज के लिए भी अलग से जगह ट्रेन में रहेगी। वहीं, दरवाजे पर ही डिस्पले बोर्ड भी लगाया गया है। इसी के साथ आरामदायक सीटें सफर को ओर रोमांचक बनाएगी।