युवाओं को शैक्षणिक शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेना चाहिए: लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा
चंडीगढ़, 12 फरवरी (अभी) - हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि समाज को सही दिशा देने के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। विद्यार्थी को शैक्षणिक शिक्षा के साथ-साथ समय-समय पर सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए, जिससे उसका आत्मविश्वास बढ़ेगा।
मंत्री आज हिसार के गांव जुगलान के निकट स्थित ओम स्टर्लिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी में आयोजित 38वें एआईयू इंटर यूनिवर्सिटी नॉर्थ वेस्ट जोन यूथ फेस्टिवल कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। यूथ फेस्टिवल में उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के 23 विश्वविद्यालय भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के लिए बहुत जरूरी है। सफलता के लिए विद्यार्थी का अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना बहुत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा को सिर्फ कला के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी विकसित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े मंच के माध्यम से एक राज्य के कलाकार विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों की संस्कृति के बारे में जानने का मौका मिलता है।
श्री गंगवा ने कहा कि युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केन्द्र व राज्य सरकार ने युवाओं के लिए शिक्षा व रोजगार के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की तथा शिक्षा के क्षेत्र में अपनी ऊर्जा को सकारात्मक रूप में लगाकर देश हित में कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि पूर्व आईजी दलबीर भारती, हरियाणा माटी कला बोर्ड के चेयरमैन सतबीर वर्मा, ओम स्टर्लिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी से डॉ. पुनीत गोयल, डॉ. पूनम गोयल व डॉ. एनपी कौशिक भी मौजूद थे।