दिल्ली में कौशिक एन्कलेव में इमारत गिरने से अब तक पांच लोगों की मौत

आरएस अनेजा, 28 जनवरी नई दिल्ली

दिल्ली स्थित बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना में अब तक पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनका उपचार जारी है। एनडीआरएफ व दमकल विभाग की टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

वहीं दिल्ली पुलिस ने बिल्डर योगेंद्र भाटी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में आस्कर पब्लिक स्कूल के पास शाम करीब सात बजे पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आकर कई श्रमिक दब गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की नौ गाड़ियां और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचीं और राहत बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने अब तक कुल 17 लोगों को बाहर निकाला, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबिक 12 लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है। मृतकों में मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड की सात वर्षीय राधिका और उसकी बहन 17 वर्षीय साधना, यूपी के सगोली निवासी 42 वर्षीय अनिल कुमार गुप्ता, बिहार के भागलपुर निवासी 40 वर्षीय कादिर और 20 वर्षीय सरफराज के रूप में हुई है।

दमकलकर्मियों के मुताबिक अभी मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका है, जिन्हें निकालने के लिए राहत बचाव कार्य जारी है। वहीं बुराड़ी थाना पुलिस ने बिल्डर योगेंद्र भाटी के खिलाफ लापरवाही से मौत और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बिल्डर योगेंद्र भाटी ने इमारत में श्रमिकों को रहने की व्यवस्था की हुई थी। इमारत में फिनिशिंग कार्य जैसे पीयूपी, लकड़ी के गेट व अलमारी व रंग रोगन का कार्य जारी था। श्रमिक अपने परिवार के साथ इमारत में ही रहते थे और कार्य करते थे। बिल्डिंग का निर्माण कार्य पिछले एक साल से चल रहा था। घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों के मुताबिक, बिल्डर योगेंद्र भाटी ने जिस समय यह जगह खरीदी थी उस समय केवल जगह पर केवल भूतल डला हुआ था। भाटी ने पैसे बचाने के लिए उसे तोड़े बिना और मरम्मत के बिना ही उस पर चार मंजिला बिल्डिंग खड़ी करवा दी, जिससे इमारत की बुनियाद कमजोर हो गई और सोमवार शाम अचानक भरभराकर गिर गई।

बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में घटनास्थल के आसपास टूटी सड़कों के कारण दमकल कर्मियों व एनडीआरएफ की टीमों को राहत बचाव कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर रात इलाके की बिजली काट दी गई थी, जिससे अंधेरे में ही रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। वहीं एंबुलेंस के आने-जाने में भी परेशानी देखने को मिली।

Previous
Previous

अमृतसर में नए मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने संभाला पद

Next
Next

38वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्टेडियम में रथ से एंट्री