दिल्ली में किसकी सरकार, फैसला आज, कड़ी सुरक्षा में होगी मतगणना
आरएस अनेजा, 08 फरवरी नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के नतीजे आज शनिवार को आ रहे हैं। सभी सीटों पर एक चरण में पांच फरवरी को 60.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी चौथी बार सरकार बनाएगी या भाजपा को मौका मिलेगा।
नतीजों से पहले आए ज्यादातर एग्जिट पोल में दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। चुनाव में कई प्रमुख प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। आज पता चलेगा कि भाजपा का 27 वर्ष वनवास खत्म होगा या आम आदमी पार्टी को चौथी बार सरकार बनाने का मौका मिलेगा या फिर कांग्रेस अपना खोया जनाधार वापस पाएगी।
इन प्रमुख प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर
अरविंद केजरीवाल
प्रवेश वर्मा
संदीप दीक्षित
मनीष सिसोदिया
आतिशी
रमेश विधूड़ी
विजेंद्र गुप्ता
देवेंद्र यादव
गोपाल राय
सतेंद्र जैन
जिन सीटों पर सबकी नजर
नई दिल्ली
जंगपुरा
कालका जी
रोहिणी
बादली
बाबरपुर
रोचक मुकाबले वाली सीटें
मुस्तफाबाद
हरि नगर
सीलमपुर
ओखला
पांच फरवरी को 13,766 मतदान केंद्रों पर हुए मतदान में कुल 94 लाख 51 हजार 997 वोट पड़े हैं। इस तरह कुल 60.54 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके बाद ईवीएम को स्ट्रांग रूम में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। वोटों की गिनती भी बहुचक्रीय व्यवस्था के बीच होगी। सभी मतगणना केंद्र के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर गेट लगे होंगे। इसके अलावा हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर, बैग एक्सरे मशीन की भी व्यवस्था है।
विशेष पुलिस आयुक्त व नोडल अधिकारी (चुनाव) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मतगणना केंद्र के 100 मीटर के दायरे में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। मतगणना केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर पुलिस बैरिकेड लगेंगे। बैरिकेड के पास गहनता से सुरक्षा जांच के बाद ही अधिकृत लोगों को ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल, कैमरा, इलेक्ट्रानिक उपकरण, डिवाइस, सिगरेट, माचिस, पान, गुटखा, बैग, ज्वलनशील पदार्थ आदि के ले जाने पर रोक है। चुनाव आयोग की ओर से अधिकृत अधिकारियों, कर्मचारियों व मीडियाकर्मियों को भी मोबाइल ले जाने की स्वीकृति नहीं है।