दिल्ली सीएम का बड़ा फैसला, अफसरों व स्टाफ को मूल विभाग में रिपोर्ट करने के आदेश
आरएस अनेजा, 21 फरवरी नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में भाजपा सरकार ने आज शुक्रवार को एक बड़ा फैसला लिया है। नई सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और मंत्रियों के व्यक्तिगत स्टाफ की सेवाएं खत्म दी है। इतना ही नहीं पूर्व सरकारों ने जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्ति किया था, अब उनको तुरंत अपने मूल विभागों में रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कई अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति पर दूसरे बोर्ड कारपोरेशन में भेजा गया था। वहीं, सप्ताह भर पहले सभी विभागों से पूर्व सरकार की ओर से कांट्रेक्ट और व्यक्तिगत स्टाफ की जानकारी मांगी गई थी। उनको मूल विभाग में लौटने को कहा गया है। बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज दोपहर में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से मुलाकात करेंगी। इसके बाद सीएम रेखा गुप्ता शाम में पीएम मोदी से भी मुलाकात करेंगी। रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार यानी कल रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके बाद छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी।
वहीं, शपथ लेने के बाद कुछ घंटे बाद ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एक्शन मोड में आ गई। उन्होंने कल कई बड़े एलान किए थे। आज उन्होंने एक बजे बैठक बुलाई है। इस बैठक में दिल्ली की टूटी सड़कों व पानी की समस्या सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी।