अमेरिका पहुंचते ही खुफिया डायरेक्टर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की मुलाकात
आरएस अनेजा, 13 फरवरी नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अमेरिका पहुंचते ही शानदार स्वागत किया गया। वाशिंगटन, डीसी में अमेरिकी नेशनल इंटेलिजेंस की डायरेक्टर (डीएनआई) तुलसी गबार्ड के साथ सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात हुई। पीएम मोदी और गबार्ड ने भारत-अमेरिका दोस्ती के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की। दोनों की मुलाकात की तस्वीरें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं एक्स पर पोस्ट की हैं।
तुलसी गबार्ड एक अमेरिकी राजनीतिज्ञ सैन्य अधिकारी हैं जो डोनाल्ड सरकार में राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। खास बात यह है कि पीएम मोदी के साथ मुलाकात से कुछ घंटों पहले ही उनको यह पद दिया गया था। तुलसी का जन्म 12 अप्रैल 1981 को अमेरिकन समोआ के लेलोएलो में हुआ था, हालांकि उनका परिवार हवाई चला गया और उनकी परवरिश वहीं पर हुई। वह 2013 से 2021 तक हवाई से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सदस्य रहीं और 2020 में डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार भी बनीं, हालांकि बाद में उन्होंने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली।
तुलसी ने अमेरिकी सेना की नेशनल गार्ड में सेवा दी और इराक जंग में भी हिस्सा लिया। राजनीति में वे शुरू में डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़ी रहीं लेकिन 2022 में उन्होंने इस पार्टी को छोड़ दिया। वे अमेरिका की पहली हिंदू सांसद थीं और धार्मिक रूप से हिंदू धर्म का पालन करती हैं। उनके पिता माइक गबार्ड एक राजनीतिज्ञ और शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां कैरोल गबार्ड शिक्षिका और व्यापार से जुड़ी रही हैं।