संसद में आज नया आयकर बिल पेश होगा, हंगामे के आसार

आरएस अनेजा, 13 फरवरी नई दिल्ली

संसद के बजट सत्र के पहले चरण का आज आखिरी दिन है और इस दौरान लोकसभा में नए आयकर विधेयक, 2025 को पेश किया जाएगा। इसके अलावा संसद के दोनों में वक्फ संशोधन विधेयक की समीक्षा के लिए बनाई गई संयुक्त संसदीय समिति की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट पेश की जाएगी।

संसद के वर्तमान बजट सत्र के पहले चरण का आज आखिरी कामकाजी दिन है। इस दौरान वक्फ (संशोधन) विधेयक पर विचार करने वाली संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की रिपोर्ट गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा के पटल पर रखी जाएगी। लोकसभा की कार्यवाही सूची के मुताबिक, समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल विधेयक से संबंधित रिपोर्ट और साक्ष्यों का रिकॉर्ड सदन के पटल पर रखेंगे। यह रिपोर्ट राज्यसभा के पटल पर भी रखी जाएगी।

लोकसभा में 13 फरवरी को पेश हो रहे नए आयकर विधेयक, 2025 को 1961 के पुराने कानून की जगह लेने के लिए तैयार किया गया है। नए कानून का लक्ष्य पुराने कानून की जटिलताओं को समाप्त कर इसे आम करदाताओं की समझ में आने लायक बनाना और मुकदमेबाजी के बोझ को कम करना है।

समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा, 'आज JPC और वक्फ की रिपोर्ट को लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यसूची पर रखा है, जिसे आज हम प्रस्तुत करने जा रहे हैं। छह महीने पहले जब सरकार इस बिल पर संशोधन लेकर आई थी, तब केंद्रीय मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आग्रह किया था कि इस बिल पर विस्तार से चर्चा की जाए, क्योंकि यह देश का ज्वलंत मुद्दा है। आज JPC ने पूरे छह महीने में कई बैठकों और सभी राज्यों के दौरे के बाद रिपोर्ट तैयार की है।

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "...यदि आप किसी भी बिल में क्षेत्र, समूह, वर्ग, धर्म या भाषा के खिलाफ कोई फैसला लेते हैं तो वह हमारे देश की संस्कृति व संविधान के खिलाफ होगा.. संविधान के आधार पर कोई काम नहीं किया जाता है तो विरोध होगा... आपका बिल संविधान के अनुसार है और उसमें देशहित की बात की गई है तो उस पर जरूर समर्थन किया जाएगा लेकिन मैं समझता हूं जो बिल लाया जा रहा है वो बहुत जल्दबाजी में लाया जा रहा है। इस पर बहुत व्यापक चर्चा होने की आवश्यकता है..."

Previous
Previous

अमेरिका पहुंचते ही खुफिया डायरेक्टर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की मुलाकात

Next
Next

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका पहुंचे, गर्मजोशी से स्वागत किया