किसानों की आमदनी को बढ़ाना है हरियाणा सरकार का मकसद: कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा
कृषि मंत्री ने किया स्याहड़वा गांव स्थित स्ट्रॉबेरी के खेतों का दौरा
हिसार , (KK)
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में बागवानी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक और जैविक खेती के जरिए हम और अधिक मुनाफा कमा सकते हैं और हरियाणा को कृषि, फल और सब्जी उत्पादन में सिरमौर बनाते हुए निर्यात के क्षेत्र में भी बड़ी सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने वीरवार को जिला के गांव स्याहड़वा का दौरा किया और प्रगतिशील किसानों से बातचीत की। उनके साथ कृषि विभाग के उपनिदेशक राजबीर सिंह, जिला बागवानी अधिकारी कुलदीप श्योराण, नाबार्ड जीएम रोबिन सिंह व कृषि वैज्ञानिक डाॅ. अर्जुन भी उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपकी समस्याओं को सुनने गांव आया हूं। कैबिनेट मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों के संपर्क में रहे व समस्याओं का तुरंत समाधान करें। अगर अधिकारियों के स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हो रहा है तो शिकायत को तुरंत मुख्यालय स्तर तक भिजवाए। हरियाणा सरकार का मकसद किसानों की आमदनी को बढ़ाना है। हरियाणा सरकार ऑर्गेनिक व प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहन देने की योजना बनाने पर विचार कर रही हैं।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को ग्रामीणों ने अवगत कराया कि इस गांव में 150 एकड़ जमीन में स्ट्रॉबेरी की खेती की जाती है। किसानों ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि कैसे उन्होंने मेहनत से रेत के टीलों में व लोकल मार्केट न होते हुए भी कैसे स्ट्रॉबेरी की खेती की व मुनाफा कमा रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने किसान हित में अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं, जिनका सीधा लाभ हरियाणा के किसानों को मिल रहा है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 24 फसलों को अधिसूचित करके एमएसपी पर खरीदने करने का निर्णय लिया है, जोकि देशभर में सर्वाधिक है। इससे प्रदेश के किसान आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान हित के लिए वचनबद्ध है और किसानों की समस्याओं का शत प्रतिशत समाधान करेगी। सरकार ने किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और उनकी आय को दोगुना करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं लागू की हैं।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने गांव स्याहड़वा में प्रगतिशील किसान महेन्द्र सिंह के फार्म पर आसपास के गांवों के प्रगतिशील किसानों से मुलाकात की और किसानों को बेहतर कृषि सुविधाएं देने को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी किसान है, इसलिए किसानों की समस्या का समाधान करने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
किसानों की आमदनी को बढ़ाना है हरियाणा सरकार का मकसद: कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा
Previous
Previous
असम में पीएम आवास योजना - ग्रामीण के 50,000 मकानों के गृह प्रवेश कार्यक्रम
Next
Next