मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी.के. सिंह ने भिवानी के देवसर मंदिर में पूजा-अर्चना की
चंडीगढ़, 04 जनवरी (अभी) - मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी.के. सिंह (पूर्व सेना प्रमुख) ने अपने परिवार के साथ भिवानी जिले के देवसर स्थित माता मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश व देश की खुशहाली की कामना की।
जनरल वीके सिंह अपने परिवार के साथ देवसर गांव स्थित मंदिर पहुंचे और माता रानी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद राज्यपाल ने देश और प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि वह देश के नागरिकों की उन्नति और खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हैं। हरियाणा प्रदेश और देश आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति करें और नई उम्मीदों और संकल्पों के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है। हम कामना करते हैं कि भविष्य में भी वैश्विक आर्थिक क्षेत्र में भारत की अद्वितीय वृद्धि सुनिश्चित हो। इसमें आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय पासपोर्ट का महत्व अन्य देशों में बढ़ गया है। भारत और भारतीयों को विश्व में एक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने प्रगति की है और प्रधानमंत्री जिस तरह से काम कर रहे हैं, उससे आशा है कि आने वाले दिनों में देश की प्रगति और सुरक्षा और बेहतर होगी। राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर रहे।