राज्य सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है: विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार
चंडीगढ़, 4 जनवरी (अभी) - हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि राज्य में ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को लाभ मिल सके और गांवों का बेहतर विकास हो सके।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने यह बात दिल्ली स्थित हरियाणा भवन से केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में भाग लेते हुए कही। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने राज्य में ग्रामीण विकास के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जो भी योजनाएं चल रही हैं, उनका असर जमीनी स्तर पर भी दिखना चाहिए।
श्री कृष्ण लाल पंवार ने केन्द्रीय मंत्री से राज्य में चल रही विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहा है। कुछ क्षेत्रों में तो इतना बेहतरीन कार्य हो रहा है कि गांवों में शहरों जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
श्री पंवार ने केंद्रीय मंत्री को भरोसा दिलाया कि हरियाणा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में और अधिक काम करेगा। गांवों में शौचालय, पक्की गलियां, सड़कें, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही पुस्तकालय भी स्थापित किए गए हैं। ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की जिला और राज्य स्तर पर नियमित समीक्षा की जाती है। उन्होंने भविष्य में इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने का भरोसा दिलाया।