प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
आरएस अनेजा, 30 जनवरी नई दिल्ली
महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए लिखा कि ‘पूज्य बापू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। उनके आदर्श हमें एक विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। मैं उन सभी शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ, जिन्होंने हमारे राष्ट्र के लिए सेवा और बलिदान दिया।’
गाैरतलब है कि महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को पोरबंदर, गुजरात में हुआ था। उन्होंने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर चलते हुए भारत को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महात्मा गांधी अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष के लिए सत्याग्रह के प्रबल समर्थक और अग्रणी नेता थे। उनकी यह अवधारणा पूर्ण अहिंसा के सिद्धांत पर आधारित थी, जिसने न सिर्फ भारत में बल्कि विश्वभर में नागरिक अधिकारों और स्वतंत्रता आंदोलनों को प्रेरणा दी। 30 जनवरी 1948 को नई दिल्ली के बिड़ला हाउस में नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। इस दिन को शहीद दिवस के रूप में भी मनाया जाता है और देश उन सभी शहीदों को याद करता है जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।