गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, हजारों पुलिसकर्मी किए तैनात
आरएस अनेजा, 25 जनवरी नई दिल्ली
दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिससे पूरे शहर को एक किले में बदल दिया गया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, इस दिन के आयोजन को लेकर 70 से अधिक अर्धसैनिक बलों की कंपनियां और हजारों पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
गणतंत्र दिवस के दिन पूरे दिल्ली में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ भी ऑपरेशन पर नजर बनाए रखेंगे। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा को लेकर छह स्तरीय व्यवस्था की गई है। खासकर नई दिल्ली क्षेत्र में हजारों सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) भी शामिल है। इसके अतिरिक्त, FRS से लैस पुलिस वाहन भी शहर में सुरक्षा की निगरानी करेंगे। ये सभी कैमरे एक डेटाबेस से जुड़े हुए हैं, जिससे अपराधियों की पहचान तुरंत की जा सके. अधिकारियों ने भरोसा जताया कि दिल्ली पुलिस किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मॉक ड्रिल्स के जरिए सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण कर रही हैं। नई दिल्ली, उत्तर और मध्य दिल्ली के करीब 4,000 छतों को सुरक्षा दृष्टि से चिन्हित किया गया है। परेड मार्ग और उसके आस-पास के क्षेत्रों में 500 उच्च गुणवत्ता वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-सक्षम कैमरे लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा, परेड में भाग लेने वाले लोगों को विशेष सुरक्षा स्टिकर दिए जाएंगे।