माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करना हुआ अब और भी महंगा, नेपाल ने बढ़ाई 36% फीस; इतना होगा खर्चा

दिल्ली, 23 जनवरी (अभी): नेपाल ने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए परमिट शुल्क में 36 प्रतिशत की भारी वृद्धि की है और दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर कचरा फैलने से रोकने के लिए कई कदम भी उठाए हैं। संशोधित पर्वतारोहण नियमों के तहत वसंत ऋतु (मार्च-मई) में सामान्य दक्षिण मार्ग से एवरेस्ट पर चढ़ने वाले विदेशियों के लिए परमिट शुल्क मौजूदा 11,000 अमेरिकी डॉलर प्रति व्यक्ति से बढ़ाकर 15,000 अमेरिकी डॉलर कर दिया गया है। शरद ऋतु (सितंबर-नवंबर) के लिए चढ़ाई का शुल्क 5,500 अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 7,500 अमेरिकी डॉलर कर दिया गया है। वहीं, सर्दियों (दिसंबर-फरवरी) और मानसून (जून-अगस्त) के लिए प्रति व्यक्ति परमिट शुल्क 2,750 अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 3,750 अमेरिकी डॉलर हो गया है। 

पर्यटन बोर्ड की निदेशक आरती न्यूपाने ने कहा कि इस संबंध में कैबिनेट का निर्णय पहले ही हो चुका है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि 8848.86 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ने के लिए शुल्क की नयी दरें एक सितंबर 2025 से प्रभावी होंगी। नेपाल राजपत्र में प्रकाशित होने के बाद कैबिनेट द्वारा अनुमोदित संशोधित नियम प्रभावी हो जाएंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि शरद ऋतु के लिए एवरेस्ट पर चढ़ने के इच्छुक नेपाली पर्वतारोहियों के वास्ते परमिट शुल्क को मौजूदा 75,000 रुपये से बढ़ाकर दोगुना यानी 1,50,000 रुपये कर दिया जाएगा। परमिट शुल्क में आखिरी बार संशोधन एक जनवरी 2015 को किया गया था। इसके अलावा, चढ़ाई के लिए परमिट की 75 दिनों की अवधि को 55 दिन कर दिया जाएगा। दैनिक अखबार ‘काठमांडू पोस्ट' की खबर के अनुसार चढ़ाई की अवधि को कम करने का उद्देश्य गतिविधियों को सुव्यवस्थित करना है।

Previous
Previous

महाकुम्भ 2025: विदेशी श्रद्धालुओं पर चढ़ा भगवा रंग, महाकुम्भ में आस्था की डुबकी लगाने दक्षिण अफ्रीका से आएंगे हजारों श्रद्धालु

Next
Next

अरविंद केजरीवाल ने अब रोजगार के मुद्दे पर खोला मोर्चा, कहा- '5 साल में दूर करेंगे बेरोजगारी'