सैफ अली खान के घर पहुंची मुंबई पुलिस, अभिनेता के बयान दर्ज किए
आरएस अनेजा, 22 जनवरी नई दिल्ली
सैफ अली खान के घर लौटने के बाद अब मुंबई पुलिस अभिनेता का बयान दर्ज करने उनके घर पहुंची है। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस को सैफ की बिल्डिंग के अंदर जाते हुए देखा गया। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को पांच दिनों के इलाज के बाद मंगलवार को लीलावती अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उनके घर लौटने के बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा और अभिनेता के मुस्कुराते हुए अस्पताल से बाहर निकलने और हाथ हिलाने की तस्वीरें सामने आईं। सैफ ने अपने प्रशंसकों और अपने आवास के बाहर मौजूद मीडिया का अभिवादन किया और घर वापस लौट आए।
अब बुधवार को मुंबई पुलिस इस मामले में उनका बयान दर्ज करने के लिए अभिनेता के घर पहुंची। इस दौरान एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस को सैफ की बिल्डिंग के अंदर जाते हुए देखा गया। हालांकि, इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी। जल्द ही अब पुलिस सैफ का भी बयान दर्ज कर लेगी, जिससे घटना के बारे में विस्तार से जानकारी मिलने की उम्मीद है। इस पहले हमलावर के इरादों के बारे में भी पुलिस ने कई खुलासे किए थे। गौरतलब है कि गत दिनों सैफ अली खान के अपार्टमेंट में एक शख्स ने मध्य रात्रि घुसते हुए सैफ अली खान पर हमला कर दिया था। हालांकि पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।