डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के खिलाफ लिया बड़ा फैसला, दस फीसदी टैरिफ लगाने का किया ऐलान
आरएस अनेजा, 22 जनवरी नई दिल्ली
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार फरवरी से चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगाने के बारे में विचार कर रही है। ट्रंप ने कहा कि चीन पर टैरिफ लगाने का फैसला इस फैक्ट पर आधारित होगा कि वह मेक्सिको और कनाडा को फेंटानिल भेज रहा है या नहीं। फेंटानिल एक तरह का नशीला पदार्थ है, जो हेरोइन से 50 गुना अधिक शक्तिशाली और नशा पैदा करने वाला पदार्थ है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में ओरेकल के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO) लैरी एलिसन, सॉफ्टबैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मासायोशी सोन और ओपन AI के CEO सैम ऑल्टमैन के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, ‘‘हम चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगाने पर विचार कर रहे हैं, जो मेक्सिको और कनाडा को चीन की तरफ ‘फेंटानिल’ भेजने के फैक्ट पर आधारित होगा।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मेक्सिको और चीन पर हम 25 फीसदी शुल्क लगाने के बारे में बात करते रहे हैं।’’ ट्रंप ने कहा कि पिछले हफ्ते जब उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात की थी तो टैरिफ के बारे में बहुत ज्यादा बात नहीं की।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने जिनपिंग से यूक्रेन में युद्ध रोकने के संबंध में हस्तक्षेप करने को कहा है, इस पर ट्रंप ने कहा कि चीन ने इस संबंध में बहुत ज्यादा कुछ नहीं किया है। डोनाल्ड ट्रंप का चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगाने का विचार फेंटानिल सप्लाई के मुद्दे पर आधारित है और यह अमेरिका की व्यापारिक नीतियों में एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है. इस फैसले का ग्लोबल मार्केट और अमेरिका-चीन संबंधों पर गहरा प्रभाव पड़ सकता है।
वहीं, डोनाल्ड ट्रंप वॉशिंगटन के नेशनल कैथेड्रल में उद्घाटन प्रार्थना सेवा के लिए पहुंचे। उद्घाटन प्रार्थना सेवा के दौरान कैथेड्रल की एक बिशप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से देश में समलैंगिक, लेस्बियन और ट्रांसजेंडर बच्चों पर दया दिखाने की अपील की। बिशप मरियन एडीगर बडे ने ये अपील राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई नीतियों को लेकर की जिसमें अमेरिका से जन्मसिद्ध नागरिकता को खत्म करने और देश में केवल दो लिंगों को मान्यता देना शामिल है। इस दौरान उद्घाटन प्रार्थना सेवा में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस और उषा वेंस भी मौजूद थीं।
इसके अलावा बिशप ने अमेरिका में रहने वाले प्रवासियों का भी बचाव करते हुए कहा कि कई ऐसे लोग हैं जो हमारे में महत्वपूर्ण काम करते हैं और वे अपराधी नहीं हैं. बिशप ने कहा, “जो लोग हमारे खेतों में काम करते हैं, हमारे कार्यालयों में सफाई करते हैं, पोल्ट्री फार्मों और मीट पैकिंग प्लांट में काम करते हैं, रेस्तरां में हमारे खाने के बाद बर्तन धोते हैं या अस्पतालों में नाइट शिफ्ट में काम करते हैं, वे शायद इस देश के नागरिक न हों या उनके पास वैध दस्तावेज न हों, लेकिन अधिकांश अप्रवासी अपराधी नहीं हैं.”