दिल्ली चुनाव : 981 उम्मीदवार चुनावी दंगल में, थमी नामांकन प्रक्रिया
आरएस अनेजा, 18 जनवरी नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन का सिलसिला शुक्रवार को थम गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार कुल 981 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाने के लिए नामांकन दाखिल किया है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने बताया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 981 उम्मीदवारों ने कुल 1,521 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 जनवरी को कुल 680 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। उम्मीदवारों की जांच आज की जाएगी, जबकि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 20 जनवरी है। इनमें सभी 70 विधानसभा सीटों का सारा गणित बताया गया है।
दिल्ली पुलिस ने सात जनवरी से 16 जनवरी के बीच आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के उल्लंघन के 244 मामले दर्ज किये हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक बयान के अनुसार इस अवधि के दौरान आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न प्रावधानों के तहत कुल 9,558 लोगों को गिरफ्तार किया गया। बयान में कहा गया है कि पुलिस ने सीमा चौकियों पर सतर्कता बढ़ा दी है तथा हथियारों, शराब और मादक पदार्थों की तस्करी सहित अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने सात जनवरी से 16 जनवरी के बीच कथित एमसीसी उल्लंघन के 244 मामले दर्ज किए और 152 अवैध आग्नेयास्त्र तथा 110 कारतूस जब्त किए।
पुलिस ने 25,719 लीटर शराब और 62.21 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किये, जिनकी कीमत 14 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा 1,200 से अधिक प्रतिबंधित 'इंजेक्शन' भी जब्त किए गए। कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 1.84 करोड़ रुपये नकद और 37.39 किलोग्राम चांदी जब्त की है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी।
5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को नतीजे
70 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में 5 फरवरी, 2025 को मतदान होगा। चुनाव नतीजे 8 फरवरी, 2025 को घोषित होंगे। 17 जनवरी नामांकन की आखिरी तारीख थी जबकि 20 जनवरी तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।