17/07/26

यमुनानगर: छछरौली में जेसीबी चालक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, वारदात सीसीटीवी में कैद

यमुनानगर, 17 जुलाई (अन्‍नू): यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र के नथनपुर गांव स्थित एक स्क्रीनिंग प्लांट में आपसी रंजिश के चलते इंसानियत को झकझोर देने वाली निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। यहां उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बेहट के रहने वाले मोहम्मद अकील की कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक अकील पिछले कई वर्षों से इसी स्क्रीनिंग प्लांट पर जेसीबी (JCB) चालक के रूप में काम करता था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

आधे घंटे तक लाठी-डंडों से बरसाया कहर, मौके पर तोड़ा दम

आरोप है कि तीन युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर नथनपुर गांव के स्क्रीनिंग प्लांट पर पहुंचे और वहां काम कर रहे मोहम्मद अकील पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने करीब आधे घंटे तक अकील को बेरहमी से पीटा। इस खूनी खेल के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों की बेरहमी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गंभीर रूप से घायल अकील ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई खौफनाक वारदात

इस दर्दनाक हत्या की पूरी वारदात वहां स्क्रीनिंग प्लांट में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में हमलावरों की बर्बरता साफ दिखाई दे रही है, जो अब पुलिस तफ्तीश का सबसे बड़ा और अहम आधार बन गई है। घटना की जानकारी मिलते ही छछरौली थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज, पुलिस की छापेमारी जारी

छछरौली पुलिस ने मृतक मोहम्मद अकील के परिजनों की शिकायत और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या (मर्डर) समेत अन्य संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान पुख्ता कर ली गई है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

#YamunanagarNews #ChhachhrauliCrime #JCBDriverMurder #HaryanaCrime #SaharanpurNews #CCTVFootage #YamunanagarPolice #BreakingNews #DanikKhabar

Previous

भारतीय सेना की वीर गाथाओं, शौर्य के प्रतीकों से आमजन को रूबरू कराने के लिए बनाएं योजना- मुख्यमंत्री राजस्थान

Next

दैनिक खबर पर प्रतिदिन देखें भगवद् गीता का एक श्लोक व्याख्या सहित। आज अध्याय 2 : श्लोक 18