राष्ट्रीय डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया के जागरूकता एवं उपयोग विषय पर कार्यशाला का आयोजन
जे कुमार, अम्बाला 20 नवम्बर : - आर्य कॉलेज, अम्बाला छावनी के पुस्तकालय द्वारा आज छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया (NDLI) के जागरूकता एवं उपयोग विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को NDLI के माध्यम से उपलब्ध विशाल ई-संसाधनों, अध्ययन सामग्री तथा शोध संबंधित सामग्री का प्रभावी रूप से उपयोग करना सिखाना था।
डिजिटल शिक्षा में NDLI का महत्व :- कार्यशाला के शुभारंभ में, महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) अंजु बाला ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय डिजिटल लाइब्रेरी आज की शिक्षा प्रणाली में एक क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अधिकांश शिक्षण-अध्ययन कार्य डिजिटल माध्यमों पर आधारित होंगे, इसलिए विद्यार्थियों को ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी को इन संसाधनों का नियमित उपयोग कर अपनी अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ाने और डिजिटल साक्षरता के प्रति सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
उपयोग और पंजीकरण प्रक्रिया : - कार्यशाला सत्र में पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. प्रिया शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसका उद्देश्य एक ही प्लेटफॉर्म पर लाखों पुस्तकों, नोट्स, जर्नल्स, विडियो लैक्चर तथा ई-शिक्षा सामग्री को निःशुल्क उपलब्ध कराना है। उन्होंने सत्र के दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ को निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी |
पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया: प्रतिभागियों का NDLI पोर्टल पर पंजीकरण करवाया गया।
पास-की रजिस्ट्रेशन: महाविद्यालय को NDLI द्वारा जारी पास-की के माध्यम से भी पंजीकरण करवाया गया।
उपलब्ध सामग्री: विभिन्न विषयों के अध्ययन संसाधनों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपलब्ध सामग्री के बारे में विस्तार से बताया गया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला छात्र-छात्राओं की डिजिटल साक्षरता, शोध कौशल और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ाने में अत्यंत सहायक है। इस कार्यशाला में लगभग 92 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डिजिटल लर्निंग संसाधनों की उपयोगिता के बारे में अपने प्रश्न पूछे।
#ambala #news #aryacollege #national #digitallibraryofindia #haryana