01/07/25

टीम भावना के साथ कार्य करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का वासुदेव देवनानी ने किया विधान सभा कर्मियों का आव्‍हान

एन.एस. बाछल, 01 जुलाई, जयपुर।

राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि प्रत्‍येक कर्मचारी और अधिकारी को श्रेष्‍ठ कार्य करके अपनी संस्‍था का नाम रोशन करना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि संस्‍था एक व्‍यक्ति नहीं बल्कि वहां कार्यरत सभी कर्मियों के टीम भावना के साथ कार्य करने से मजबूत होती है। वासुदेव देवनानी ने राजस्‍थान विधान सभा के कर्मियों का आव्‍हान किया। कि वे ईमानदारी और निष्‍ठा से कार्य करके लोकतांत्रिक व्‍यवस्‍था को मजबूत करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

वासुदेव देवनानी सोमवार को यहां विधानसभा में सेवानिवृत्त समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। विधान सभा के सहायक सचिव श्री रामस्‍वरूप गुर्जर 34 वर्ष की विधान सभा सेवा के उपरान्‍त अर्द्वार्षिकी आयु प्राप्‍त करने पर सेवा निवृत्‍त हुए। समारोह को संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने भी सम्‍बोधित किया। उन्होंने कहा कि सचिवालय की कार्यप्रणाली को सुचारु रूप से संचालित करने में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। प्रशासनिक दक्षता और समर्पण से किए गए कार्यों का संस्थान के विकास में गहरा प्रभाव होता है। समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री मंजू बाघमार भी मौजूद थी। सेवानिवृत्त हुए सहायक सचिव रामस्वरूप गुर्जर ने भी समारोह को सम्‍बोधित किया।

वासुदेव देवनानी ने समारोह में सेवानिवृत्त हुए कर्मी गुर्जर का साफा पहनाकर, शॉल ओढाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनन्दन किया। इस मौके पर विधान सभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, वरिष्‍ठ उप सचिव पुरूषोत्‍तम शर्मा, उप सचिव (प्रशासन) संजीव शर्मा और राजस्थान विधान सभा कर्मचारी सहकारी साख समिति के अध्यक्ष रवि जैन सहित विधानसभा के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

Previous

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस चिकित्सक समाज में विश्वास और सेवा भाव के प्र​तीक

Next

अब हर महीने मिलेगी मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबंल योजना की राशि- अंतरराज्यीय सीमा के दुग्ध संघों के लिए बनेगी विशेष योजना