12/02/26

"गाड़ी से तेल टपक रहा है..." कहकर अंबाला में महिला कर्मचारी से ठगी, पर्स से नकदी साफ

अंबाला, 12 फ़रवरी (अन्‍नू) : अंबाला छावनी में ठगों ने एक बार फिर एक महिला कर्मचारी को अपना निशाना बनाया है। जनता स्वीट चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने नागरिक अस्पताल में तैनात महिला को झांसा देकर उनकी कार से नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की मदद से उनकी तलाश शुरू कर दी है।


घटना के अनुसार, कुरुक्षेत्र के सेक्टर-5 की निवासी ममता त्यागी, जो अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में कार्यरत हैं, अपनी ड्यूटी खत्म कर कार से घर लौट रही थीं। जब वह जनता स्वीट चौक के समीप पहुंचीं, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक किया और इशारा किया कि उनकी गाड़ी के बोनट से तेल रिस रहा है। युवकों की बात सुनकर ममता घबरा गईं और उन्होंने सेसिल कॉन्वेंट स्कूल के पास अपनी गाड़ी रोक दी।

पीड़िता जब कार से नीचे उतरकर बोनट खोलकर जांच करने लगीं, तो उन्हें वहां सब कुछ सामान्य मिला। लेकिन जैसे ही वह वापस अपनी सीट पर बैठीं, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि पिछली सीट पर रखा उनका पर्स नीचे फर्श पर पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि शातिर युवक बोनट चेक करने के दौरान मिले समय का फायदा उठाकर पर्स से तीन हजार रुपये निकाल ले गए थे और खाली पर्स को गाड़ी के अंदर ही फेंककर रफूचक्कर हो गए थे।



#AmbalaCrime #Thug #CrimeNews #HaryanaPolice #Awareness #AmbalaCantt #TheftAlert #ViralNews #BreakingNews #LocalNews #Alert #Caution #Awareness #PublicSafety #StaySafe #RoadSafety #Precautions #CrimePrevention #सावधान_रहें #सतर्क_रहें

Previous

"वंदे मातरम के सभी 6 छंद अनिवार्य: ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने फैसले को सराहा, बोले - शहीदों के बलिदान को मिला असली सम्मान"

Next

"नेहरू ने जमीन बेची, इंदिरा ने पीओके लेने व चिकन नेक के साथ जमीन लेने के अवसर गवाए" – ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस की ऐतिहासिक भूलों पर राहुल गांधी को घेरा