रिटायरमेंट पार्टी की रात ऐसा क्या हुआ? कनाडा से आई बहू की मौत मामले में फंसे ससुर और पति; चंडीगढ़ DGP के आदेश पर SHO पर गिरी गाज
चंडीगढ़, 19 फरवरी (अन्नू ): चंडीगढ़ के सेक्टर-49 थाने के अंतर्गत आने वाले एक हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस विभाग ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे की पत्नी, अमनदीप कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी ओम प्रकाश को पद से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया गया है। यह कार्रवाई डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा के सीधे आदेशों पर की गई है। हाल ही में आई विसरा रिपोर्ट ने इस गुत्थी को सुलझाते हुए पुष्टि की है कि अमनदीप की जान किसी जहरीले पदार्थ के सेवन के कारण गई थी, जिसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
फोरेंसिक रिपोर्ट में जहर मिलने की पुष्टि होने के तुरंत बाद पुलिस ने मृतका के ससुराल पक्ष के विरुद्ध सख्त धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सेक्टर-51 स्थित पुलिस सोसाइटी के निवासी और सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर स्वर्ण सिंह, उनके बेटे गगनदीप सिंह और बहू गुरजीत कौर को दहेज हत्या के मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस की विशेष टीमें अब इन तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि मृतका के मायके पक्ष ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद विसरा के नमूने जांच के लिए सीएफएसएल भेजे गए थे।
इस संवेदनशील मामले की कमान खुद डीएसपी (साउथ) गुरजीत कौर ने संभाली है और उनके हस्तक्षेप के बाद ही एफआईआर दर्ज की गई है। परिजनों ने डीजीपी से गुहार लगाई थी कि आरोपी गगनदीप सिंह के कनाडा भागने की फिराक में होने की सूचना है, जिस पर त्वरित संज्ञान लिया गया। जांच में सामने आया है कि गगनदीप और अमनदीप की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और वे कनाडा में ही सैटल थे। फरवरी 2025 में स्वर्ण सिंह की सेवानिवृत्ति की पार्टी में शामिल होने के लिए यह दंपत्ति अपनी छोटी बेटी के साथ चंडीगढ़ आया था, लेकिन उसी रात हुए आपसी विवाद ने इस दुखद घटना का रूप ले लिया।
#ChandigarhNews #CrimeUpdate #DowryDeath #ChandigarhPolice #JusticeForAmandeep #PunjabNews #PoliceAction #SewaSociety #LegalNews #HaryanaAlert #BreakingNewsIndia