हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला: भारी बारिश और ओलावृष्टि के बीच 19 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी
हरियाणा/मौसम, 20 मार्च (अन्नू): हरियाणा में सक्रिय हुए ताजा पश्चिमी विक्षोभ ने पूरे प्रदेश के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। गुरुवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के बाद, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 19 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' घोषित किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ओले गिर सकते हैं और हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
शुक्रवार की सुबह से ही सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, पंचकूला और महेंद्रगढ़ सहित कई जिलों में रुक-रुक कर वर्षा का दौर जारी है। तेज हवाओं और लगातार हो रही बूंदाबांदी के कारण मार्च के महीने में ही दिसंबर जैसी ठिठुरन महसूस की जा रही है। हालांकि इस बदलते मौसम ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है, लेकिन सबसे अधिक चिंता किसानों के चेहरे पर है, क्योंकि तैयार खड़ी फसलों पर ओलावृष्टि और तेज बारिश का साया मंडरा रहा है।
भारी बारिश के चलते शहरी इलाकों में भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। साइबर सिटी गुरुग्राम के कई निचले इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ है। तापमान की बात करें तो प्रदेश के औसत अधिकतम पारे में 5.7 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। रोहतक में इसका सबसे व्यापक असर दिखा, जहां तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 20.7 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया और यहां सर्वाधिक 5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
गुरुवार को भी प्रदेश के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और कुरुक्षेत्र जैसे जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही और बारिश का सिलसिला बना रहा। इसके साथ ही अंबाला, यमुनानगर और करनाल जैसे उत्तरी जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। आने वाले 24 घंटों में भी मौसम के इसी तरह के बने रहने के आसार हैं।
#HaryanaWeather #RainAlert #WesternDisturbance #FarmersConcern #HaryanaNews #WeatherUpdate #OrangeAlert #ColdWave #DanikKhabar